अश्लील वीडियो बनाकर 50 से अधिक पुरुषों को किया ब्लैकमेल, पुलिस ने किया गिरोह का पर्दाफाश

बेंगलरु : कर्नाटक पुलिस ने बंगलूरू में अश्लील कामों से जुड़े एक रैकेट का भंडाफोड़ किया है। दरअसल, एक महिला पुरुषों को हनीट्रैप में फंसाती थी और उनसे भारी मात्रा में पैसे वसूलती थी। इसी गिरोह के तीन सदस्यों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। हालांकि, मुख्य आरोपी महिला पकड़ से बाहर है।

ऐसे पीड़ितों को फंसाते थे

मुख्य संदिग्ध नेहा उर्फ मेहर अपने तीन साथियों के साथ कथित तौर पर एक मैसेजिंग प्लेटफॉर्म के माध्यम से पीड़ितों को अपने प्रेम जाल में फंसाती थी। बाद में शारीरिक संबंध बनाने के लिए घर पर बुलाती थी। यह गिरोह संबंध बनाते समय वीडियो बना लेता था। बाद में पीड़ितों को धमकी देता था।

इतने लाख जुटाए रुपये

गिरोह पीड़ितों से मेहर से शादी करने और इस्लाम अपना लेने के लिए कहता था। जब पीड़ित इससे मना कर देते तो रुपये देने की मांग करता था। ऐसे कई लोगों को धमकी देकर गिरोह ने करीब 35 लाख रुपये से अधिक जुटा लिए थे।

पुलिस ने तीन को दबोचा

एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि गिरोह डेढ़ साल से अधिक समय से लोगों को निशाना बना रहा था। अभी तक गिरोह के तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया है। जबकि मेहर अभी फरार है। उसकी लोकेशन मुंबई बताई गई है। गिरोह से अब तक कुल 60,000 रुपये बरामद किए गए हैं।

जांच अधिकारी का कहना है कि इस जाल का शिकार 50 से अधिक पुरुष हुए हैं। बता दें, मामला तब सामने आया जब एक पीड़ित ने गिरोह के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी। पुटेनहल्ली पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज किया गया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button