लॉगिन

88 हेक्टेयर में बनेगी एयरोसिटी : 146 करोड़ होंगे खर्च एयरपोर्ट के पास होटल, मॉल और कार्गो की मिलेगी सुविधा

Chhattisgarh November 23, 2026 रिपोर्टर: shailesh
88 हेक्टेयर में बनेगी एयरोसिटी : 146 करोड़ होंगे खर्च एयरपोर्ट के पास होटल, मॉल और कार्गो की मिलेगी सुविधा

88 हेक्टेयर में बनेगी एयरोसिटी : 146 करोड़ होंगे खर्च एयरपोर्ट के पास होटल, मॉल और कार्गो की मिलेगी सुविधा

रायपुर. नवा रायपुर अटल नगर में स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट के समीप अत्याधुनिक एयरोसिटी विकसित करने की तैयारी तेज हो गई है. इसके लिए लेयर-3 के अंतर्गत मंदिरहसौद तहसील के रमचंडी और बरौदा गांव में 88.297 हेक्टेयर जमीन चिन्हित की गई है. परियोजना के तहत करीब 146.43 करोड़ रुपए की लागत से सड़क, नाली, बिजली, पेयजल और भूमिगत केबल जैसी बुनियादी सुविधाएं विकसित की जाएंगी. नगर विकास योजना का प्रारूप और लेआउट तैयार हो चुका है. योजना की मंजूरी और टेंडर प्रक्रिया पूरी होने के बाद आने वाले महीनों में अधोसंरचना विकास का काम शुरू होने की संभावना है.

एयरोसिटी में यात्रियों की सुविधाओं के साथ व्यावसायिक गतिविधियों को भी बढ़ावा दिया जाएगा. यहां होटल, कार्गो सुविधा, शॉपिंग मॉल, क्लब हाउस सहित आधुनिक सुविधाएं विकसित करने की योजना है. इससे एयरपोर्ट के आसपास व्यावसायिक गतिविधियों को विस्तार मिलने के साथ रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे.

88 हेक्टेयर में इस तरह होगा विकास

नवा रायपुर अटल नगर विकास प्राधिकरण ने रमचंडी और बरौदा गांवों की 88.297 हेक्टेयर जमीन के लिए नगर विकास योजना का प्रारूप तैयार किया है. इसके लिए 7 मई 2026 को जारी पूर्व अधिसूचना के क्रम में प्रारूप प्रकाशन की अधिसूचना जारी की जा चुकी है. योजना में मूलभूत सुविधाओं, मनोरंजन के लिए खुली जगह, सड़कों और आवागमन के लिए अलग-अलग क्षेत्र निर्धारित किए गए हैं.

योजना के अनुसार 3.387 हेक्टेयर में मूलभूत सुविधाएं, 14.191 हेक्टेयर में मनोरंजन और खुला क्षेत्र तथा 22.569 हेक्टेयर में सड़क एवं आवागमन का क्षेत्र प्रस्तावित है. योजना के अंतिम स्वरूप के बाद भूखंडों का आवंटन किया जाएगा. इसके लिए भूस्वामियों के अद्यतन और प्रमाणित भू-स्वामित्व अभिलेखों का सत्यापन किया जाएगा.

कचना-लाभांडी-सड्डू टाउनशिप पर लगा ब्रेक

एक ओर नवा रायपुर में एयरोसिटी की तैयारी आगे बढ़ रही है, वहीं रायपुर शहर के भीतर कचना, लाभांडी और सड्डू के बीच प्रस्तावित टाउनशिप की योजना फिलहाल ठंडे बस्ते में चली गई है. रायपुर विकास योजना 2031 के तहत इस क्षेत्र में करीब 95.271 हेक्टेयर जमीन पर नगर विकास योजना तैयार की गई थी. इसमें लाभांडी से कचना होते हुए सड्डू तक करीब पांच किलोमीटर लंबी छह लेन सड़क बनाने और सड़क के दोनों ओर टाउनशिप विकसित करने का प्रस्ताव था.

इस योजना में लैंड पुलिंग के माध्यम से जमीन लेने और भूस्वामियों को उनकी मूल जमीन के बदले 40 प्रतिशत विकसित भूमि वापस देने का प्रावधान था. हालांकि, योजना में निजी जमीन शामिल होने, बड़ी संख्या में दावा-आपत्तियां आने और अन्य अड़चनों के चलते शासन स्तर पर फिलहाल इसे रोकने का निर्णय लिया गया है.

रायपुर-नवा रायपुर के बीच 436 हेक्टेयर में टाउनशिप

रायपुर और नवा रायपुर के बीच भी शहरी विस्तार की योजना पर काम चल रहा है. लेयर-2 के अंतर्गत करीब 436 हेक्टेयर यानी 1077 एकड़ क्षेत्र में टाउनशिप विकसित करने का प्रस्ताव है. इसमें सेरीखेड़ी, रीको, मंदिरहसौद और नकटी क्षेत्र को शामिल किया गया है. अधिकारियों के मुताबिक इस योजना की प्रक्रिया काफी आगे बढ़ चुकी है और जल्द ही अधोसंरचना निर्माण का काम शुरू किया जा सकता है.

इस टाउनशिप का उद्देश्य रायपुर और नवा रायपुर के बीच आवागमन को ध्यान में रखते हुए मिश्रित उपयोग वाला शहरी क्षेत्र विकसित करना है. इसमें आवासीय और व्यावसायिक गतिविधियों के साथ हरित क्षेत्र, खुले स्थान और सार्वजनिक सुविधाओं का भी प्रावधान रखा गया है. प्रभावित भूस्वामियों को विकसित भूखंड वापस देने की व्यवस्था भी योजना का हिस्सा है.

तीन योजनाओं में अलग-अलग स्थिति

एयरोसिटी: 88.297 हेक्टेयर जमीन चिन्हित, 146.43 करोड़ की अधोसंरचना लागत, प्रारूप और लेआउट तैयार.

कचना-लाभांडी-सड्डू: 95.271 हेक्टेयर में टाउनशिप और पांच किमी छह लेन सड़क का प्रस्ताव फिलहाल स्थगित.

रायपुर-नवा रायपुर टाउनशिप: लेयर-2 में 436 हेक्टेयर क्षेत्र में विकास की प्रक्रिया आगे बढ़ी, अधोसंरचना निर्माण जल्द शुरू होने की तैयारी.

खबर शेयर करें:

This will close in 20 seconds