जगदलपुर। छत्तीसगढ़ के बस्तर में अवैध शराब तस्करी का बड़ा मामला सामने आया । आबकारी विभाग की टीम ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए मध्यप्रदेश की गोवा ब्रांड विदेशी शराब की बड़ी खेप पकड़ी है। दरभा थाना क्षेत्र के छोटे कड़मा में की गई इस कार्रवाई में 140 पेटी से अधिक शराब यानी कुल 7.010 बोतले जब्त की गई है तस्करी में इस्तेमाल किए जा रहे तीन वाहन भी पकड़े गए है। नक्शे देखे
शराब तस्करी में दो नाबालिग समेत तीन आरोपी शामिल
चौकाने वाली बात यह है कि इस पूरे मामले में दो नाबालिगों के साथ एक 18 वर्षीय युवक की संलिप्तता सामने आई है, जबकि एक अन्य आरोपी मौके से फरार हो गया। आबकारी विभाग के अनुसार जब्त शराब की मात्रा 1,261.8 बल्क लीटर है, जिसकी कीमत 9 लाख 46 हजार 350 रुपये आंकी गई है। वहीं, शराब के परिवहन में इस्तेमाल किए गए वाहनों सहित जब्त सामग्री का कुल बाजार मूल्य 20 लाख 96 हजार 350 रुपये बताया गया है।
मुखबिर की सूचना पर आबकारी विभाग ने दी दबिश
आबकारी अधिकारी अंकित सिंह राठौर ने बताया कि 21 नवंबर को मुखबिर से छोटे कड़मा में अवैध शराब के परिवहन की सूचना मिली थी। इसके बाद आबकारी विभाग की टीम ने मौके पर दबिश दी। कार्रवाई के दौरान एक नाबालिग बालक ईको वाहन में संदिग्ध अवस्था में मिला। वाहन की तलाशी लेने पर उसमें से गोवा ब्रांड शराब की 15 पेटियां बरामद हुई। इस दौरान वाहन में मौजूद सुनील सेठिया निवासी राजुर मौके से फरार हो गया।
बाइक सवारों के पास से भी मिली शराब
कार्रवाई के दौरान काले रंग की पैशन प्रो बाइक पर सवार दो लोगों को भी पकड़ा गया। इनमें एक नाबालिग बालक और दूसरा प्रवीण बघेल निवासी चितापूर था। तलाशी के दौरान इनके पास से गोवा ब्रांड शराब की एक पेटी बरामद की गई। पूछताछ में गिट्टी खदान के रास्ते पर शराब छिपाकर रखे जाने की जानकारी मिली।
पिकअप में छिपाकर रखी थी 124 पेटी शराब
आबकारी विभाग की टीम ने बताए गए स्थान पर तलाशी ली तो वहां अशोक लीलैड वाहन संदिग्ध अवस्था मे मिला। वाहन की जांच करने पर उसमे से मध्यप्रदेश निर्मित गोवा ब्रांड विदेशी शराब की 124 पेटिया बरामद हुई। इस तरह पूरी कार्रवाई में कुल 140 पेटी और 10 नग शराब जब्त की गई, जिसकी कुल मात्रा 1.261.8 बल्क लीटर बताई गई है।
नाबालिग बालक बाल सुधार गृह भेजे गए
आबकारी विभाग ने मामले में आबकारी अधिनियम की धारा 34(1) 34(2), 36 और 59 के तहत अपराध पंजीबद्ध किया है। दोनों नाबालिग बालको को बाल सुधार गृह भेज दिया गया है, जबकि आरोपी प्रवीण बघेल को न्यायिक रिमांड पर जेल दाखिल कराया गया है। वहीं फरार आरोपी सुनील सेठिया की तलाश की जा रही है। मामले में आगे की जांच जारी है।