लॉगिन

आईटी रेड : बर्बरिक और पीआरए समूह पर आयकर की बड़ी कार्रवाई, 225 करोड़ की वित्तीय गड़बड़ी के शुरुआती प्रमाण

Chhattisgarh November 21, 2026 रिपोर्टर: shailesh
आईटी रेड : बर्बरिक और पीआरए समूह पर आयकर की बड़ी कार्रवाई, 225 करोड़ की वित्तीय गड़बड़ी के शुरुआती प्रमाण

आईटी रेड : बर्बरिक और पीआरए समूह पर आयकर की बड़ी कार्रवाई, 225 करोड़ की वित्तीय गड़बड़ी के शुरुआती प्रमाण

रायपुर. छत्तीसगढ़ में कोयला, लोहा और सड़क निर्माण कारोबार से जुड़े बर्बरिक कंस्ट्रक्शन और पीआरए समूह पर आयकर विभाग की छापेमारी में करीब 225 करोड़ रुपए की वित्तीय गड़बड़ी के प्रारंभिक प्रमाण मिले हैं. तीन दिनों तक चली इस कार्रवाई में करीब 14 करोड़ रुपए नकद, बड़ी मात्रा में सोने-चांदी के आभूषण और लेन-देन से जुड़े डिजिटल साक्ष्य बरामद किए गए हैं. करीब 20 करोड़ रुपए के आभूषणों का मूल्यांकन भी कराया गया है.

आयकर विभाग की डीडीआईटी नवल जैन के नेतृत्व में 120 से अधिक अधिकारियों की टीम ने छत्तीसगढ़ के पांच जिलों सहित महाराष्ट्र के मुंबई और नागपुर तथा झारखंड के रांची और जमशेदपुर में एक साथ 50 ठिकानों पर कार्रवाई की. इनमें प्रदेश के 36 ठिकाने शामिल थे. दोनों कारोबारी समूहों के 25 बैंक लॉकर खुलवाकर उनमें रखी सामग्री की जांच की गई है.

10 साल में 100 गुना बढ़ा कारोबार

जांच में सामने आया है कि पिछले 10 वर्षों में दोनों समूहों का कारोबार करीब 100 गुना बढ़ा है. आयकर विभाग अब कारोबार में हुई इस वृद्धि के मुकाबले घोषित आय और जमा किए गए टैक्स का मिलान कर रहा है. पिछले तीन महीने से दोनों समूहों के वित्तीय लेन-देन की जांच की जा रही थी. पिछले पांच वर्षों के घोषित आयकर और वास्तविक कारोबार के आंकड़ों में अंतर मिलने के बाद छापेमारी की कार्रवाई की गई.

इससे पहले वर्ष 2015-16 में भी आयकर विभाग ने समूह पर छापेमारी की थी. इस बार जांच का मुख्य फोकस अघोषित आय, निवेश, संपत्तियों और संभावित कर चोरी से जुड़े प्रमाण जुटाने पर रहा.

कंप्यूटर और लैपटॉप से खंगाले जा रहे डिजिटल रिकॉर्ड

कार्रवाई के दौरान समूहों के कार्यालयों से मिले कंप्यूटर, लैपटॉप और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों का बैकअप लिया जा रहा है. आयकर विभाग के आईटी विशेषज्ञ कच्चे और पक्के लेन-देन से जुड़े डिजिटल रिकॉर्ड की पड़ताल कर रहे हैं. समूह के प्रमोटर और डायरेक्टर रमेश अग्रवाल, कन्हैयालाल अग्रवाल, ध्रुव अग्रवाल और राजेश अग्रवाल के अलावा पीआरए समूह के प्रमुख प्रहलाद राय अग्रवाल से भी पूछताछ की गई है.

फैक्ट्रियों और 450 करोड़ के रेलवे ठेके की जांच

जांच के दायरे में बिलासपुर की महानदी इंटरप्राइजेज, मित्तल स्टील, हनुमान हार्डवेयर और मोहदा स्थित फैक्ट्री शामिल हैं. वहीं रायगढ़ में सन स्टील और रायगढ़ इस्पात से भी कई महत्वपूर्ण दस्तावेज जब्त किए गए हैं.  इसके अलावा बर्बरिक समूह की प्रस्तावित आईपीओ योजना और पीआरए समूह को मिले करीब 450 करोड़ रुपए के रायपुर रेलवे स्टेशन पुनर्विकास ठेके से जुड़े दस्तावेजों की भी जांच की जा रही है. आयकर विभाग इन परियोजनाओं में हुए निवेश, भुगतान और वित्तीय लेन-देन का ब्योरा खंगाल रहा है.

सोमवार से फिर शुरू होगी लॉकरों की जांच

शुक्रवार को छापेमारी समाप्त होने के बाद आयकर विभाग की टीमें लौट गईं. बताया गया है कि डेढ़ दर्जन से अधिक बैंक लॉकरों की जांच सोमवार से शुरू होगी. डिजिटल रिकॉर्ड के विश्लेषण और लॉकरों की तलाशी के बाद अघोषित आय तथा संभावित कर चोरी की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी.

खबर शेयर करें:

This will close in 20 seconds