लॉगिन

सुकमा में आईईडी ब्लास्‍ट, 4 सीआरपीएफ जवान घायल, डिफ्यूज करते वक्त हुआ हादसा

Chhattisgarh October 9, 2026 रिपोर्टर: shailesh
सुकमा में आईईडी ब्लास्‍ट, 4 सीआरपीएफ जवान घायल, डिफ्यूज करते वक्त हुआ हादसा

सुकमा में आईईडी ब्लास्‍ट, 4 सीआरपीएफ जवान घायल, डिफ्यूज करते वक्त हुआ हादसा

सुकमा : जिले के कोंटा इलाके में गुरुवार को खराब विस्फोटकों को नष्ट करने के दौरान अचानक ब्लास्ट हो गया. हादसे में सीआरपीएफ के चार जवान घायल हुए हैं, जिनमें दो की हालत गंभीर बताई जा रही है. घटना भेज्जी थाना क्षेत्र के एलार्मडगु कैंप से करीब 200 मीटर दूर बोदराजपदर नाला के पास हुई. सभी घायलों को कोंटा के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है.

कैंपों में रखे खराब विस्फोटकों को किया जा रहा था नष्ट

जानकारी के मुताबिक, कोंटा रेंज के पिड़मेल, डब्बाकोंटा, कोलाईगुड़ा और एलार्मडगुड़ा कैंपों में रखे खराब और बचे हुए विस्फोटकों को सुरक्षित तरीके से नष्ट करने के लिए जगदलपुर से एम्युनिशन टेक्नीशियन टीम (ATT) पहुंची थी. टीम कैंप से कुछ दूरी पर सुरक्षा मानकों के तहत विस्फोटकों को नष्ट करने की प्रक्रिया में जुटी थी.

अचानक हुआ धमाका, चार जवान आए चपेट में

विस्फोटकों को नष्ट करने की प्रक्रिया के दौरान अचानक एक विस्फोटक का हिस्सा उछलकर पास में जा गिरा. इसके कुछ देर बाद वहां जोरदार ब्लास्ट हो गया. धमाके की चपेट में आने से ATT टीम के ASI एमके तिवारी और 50वीं वाहिनी सीआरपीएफ के एएसआई अनीश खान गंभीर रूप से घायल हो गए. वहीं ATT टीम के निरीक्षक अमरनाथ मिश्रा और 50वीं वाहिनी CRPF के प्रधान आरक्षक कुलदीप राज को भी चोटें आई हैं.

घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया

ब्लास्ट के बाद मौके पर मौजूद जवानों ने घायलों को प्राथमिक उपचार दिया. इसके बाद चारों घायल जवानों को कोंटा के सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका इलाज जारी है. डॉक्टर गंभीर रूप से घायल दोनों जवानों की स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं.

जरूरत पड़ने पर बड़े अस्पताल किया जा सकता है रेफर

अस्पताल प्रबंधन के मुताबिक, अगर जरूरत पड़ती है तो गंभीर रूप से घायल दोनों जवानों को बेहतर इलाज के लिए किसी उच्च चिकित्सा संस्थान में रेफर किया जा सकता है. फिलहाल चारों जवानों की स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है. घटना के बाद सुरक्षा को देखते हुए आसपास के इलाके में सर्चिंग और निगरानी भी बढ़ा दी गई है.

खबर शेयर करें:

This will close in 20 seconds