लॉगिन

जमीन विवाद में महिला को टोनही बताकर पीटा, पेड़ से बांधा, 4 महिलाएं गिरफ्तार

Chhattisgarh October 5, 2026 रिपोर्टर: shailesh
जमीन विवाद में महिला को टोनही बताकर पीटा, पेड़ से बांधा, 4 महिलाएं गिरफ्तार

जमीन विवाद में महिला को टोनही बताकर पीटा, पेड़ से बांधा, 4 महिलाएं गिरफ्तार

रामानुजनगर : रामानुजनगर थाना क्षेत्र के ग्राम परशुरामपुर में जमीन के पुराने विवाद को लेकर एक महिला के साथ कथित तौर पर मारपीट, अभद्रता और टोनही प्रताड़ना का मामला सामने आया है. आरोप है कि पड़ोस की महिलाओं ने उसे टोनही कहकर अपमानित किया, बाल पकड़कर मारपीट की और घर के सामने आम के पेड़ से साड़ी के सहारे बांध दिया.मामले में पुलिस ने चार महिलाओं को गिरफ्तार किया है. न्यायालय में पेशी के बाद सभी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया.

पुलिस ने क्या बताया ?

पुलिस के अनुसार, करीब 40 वर्षीय पीड़िता ने रामानुजनगर थाने में शिकायत दर्ज कराई है. घटना 3 अक्टूबर 2026 की सुबह करीब 10 बजे की बताई गई है. महिला उस समय अपने घर के सामने काम कर रही थी. इसी दौरान जमीन संबंधी पुराने विवाद को लेकर पड़ोस की महिला समेत अन्य आरोपी उसके पास पहुंचे. आरोप है कि बातचीत के दौरान उसे टोनही कहकर गाली-गलौज शुरू कर दी गई.

आरोपियों ने महिला के साथ मारपीट की

शिकायत के मुताबिक, विवाद बढ़ने पर आरोपियों ने महिला के साथ मारपीट की. उसके बाल पकड़कर खींचे गए और बाद में घर के सामने स्थित आम के पेड़ से साड़ी के सहारे बांध दिया गया. इस दौरान कथित तौर पर अभद्र गालियां देने के साथ जान से मारने की धमकी भी दी गई. महिला के शोर और विवाद की जानकारी मिलने पर परिजन व आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव कर उसे छुड़ाया.

टोनही प्रताड़ना अधिनियम के तहत केस

शिकायत मिलने के बाद रामानुजनगर पुलिस ने मामले की जांच शुरू की. पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और पीड़िता तथा प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज किए. आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं के साथ छत्तीसगढ़ टोनही प्रताड़ना निवारण अधिनियम के तहत अपराध दर्ज किया गया.

जांच के बाद पुलिस ने मामले में चार आरोपी महिलाओं को गिरफ्तार किया. सभी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया. एसडीओपी सूरजपुर अभिषेक पैकरा ने बताया कि शिकायत के आधार पर अपराध दर्ज कर चार महिलाओं की गिरफ्तारी की गई है. मामले में विवेचना जारी है.

खबर शेयर करें:

This will close in 20 seconds