जांजगीर-चांपा : जांजगीर-चांपा जिले के बलौदा थाना क्षेत्र में गणेश विसर्जन के दौरान हुए विवाद ने खूनी रूप ले लिया। ग्राम गतवा में विवाद के बाद 74 वर्षीय बुजुर्ग जोत राम कश्यप की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। मामले में पंतोरा चौकी और बलौदा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। सभी आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
दरअसल, 25 सितंबर को ग्राम गतवा में गणेश प्रतिमा विसर्जन के दौरान नारायण कश्यप और राहुल कश्यप के बीच गाली-गलौच और मारपीट हुई। राहुल ने घटना की जानकारी अपने पिता रोहित कश्यप को दी, जिसके बाद रोहित बीच-बचाव करने पहुंचे। इसके बाद रोहित, राहुल और जोत राम कश्यप मोटरसाइकिल से शिकायत दर्ज कराने पंतोरा चौकी जा रहे थे।
इसी दौरान हाईस्कूल के पास आरोपी शिव कश्यप, नारायण कश्यप, संजय कश्यप और सविता कश्यप ने उन्हें रोक लिया और मारपीट शुरू कर दी। पुलिस के अनुसार, मारपीट के दौरान जोत राम कश्यप को जमीन पर पटककर सिर और छाती में गंभीर चोट पहुंचाई गई, जिससे उनकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और वैधानिक कार्रवाई शुरू की। एसपी विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन में पुलिस ने चारों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। विवेचना के बाद शिव कश्यप, नारायण कश्यप, संजय कश्यप और सविता कश्यप को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।