कोंडागांव। नक्सल विरोधी अभियान के तहत कोठागांव पुलिस को एक और सफलता मिली है। थाना पुगारपाल क्षेत्र के ग्राम आलवाड़ के जंगल पहाड़ी इलाके में सर्च ऑपरेशन के दौरान सुरक्षा बलों ने माओवादी डंप से विस्फोटक और अन्य सामग्री बरामद की है। यह कार्रवाई आत्मसमर्पित माओवादियों से मिली जानकारी के आधार पर की गई।
पुलिस के मुताबिक 23 सितंबर को तुमड़ीवाल, बोडकापानी, डोगरीपारा, जुनापानी, आलवाड़ और आसपास के जंगल क्षेत्रों में संयुक्त टीम ने सर्च अभियान चलाया था। इसी दौरान आलवाड़ के जंगल में कॉर्डन सर्च और डी माइनिंग के दौरान संदिग्ध सामग्री का पता चला।
पाइप बम और डेटोनेटर समेत सामान बरामद
सर्च ऑपरेशन के दौरान टीम ने मौके से एक पाइप बम, एक इलेक्ट्रॉनिक डेटोनेटर 18 पेंसिल बैटरी, 7 लीटर क्षमता का एक कुकर और करीब 1.7 किलोग्राम विस्फोटक सामग्री बरामद की। पुलिस के अनुसार बरामद पाइप बम का वजन करीब 4 किलोग्राम है सुरक्षा की दृष्टि से बरामद सामग्री को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
नक्सल डंप की तलाश में लगातार अभियान
कोठागांव पुलिस के अनुसार माओवादियों द्वारा जंगलो में छिपाकर रखे गए हथियारो, आईईडी और अन्य सामग्री की बरामदगी के लिए लगातार सर्च अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत आत्मसमर्पित माओवादियों से मिली जानकारी को भी ऑपरेशन में उपयोग किया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और छिपे हुए उप का पता लगाने के लिए अभियान आगे भी जारी रहेगा।