लॉगिन

मोबाईल चोरी की रिपोर्ट लिखाने पहुचा फेरीवाला : पुलिस पर मारपीट और 5 हजार रुपए वसूली का आरोप, टीआई हटाए गए

Chhattisgarh September 16, 2026 रिपोर्टर: shailesh
मोबाईल चोरी की रिपोर्ट लिखाने पहुचा फेरीवाला : पुलिस पर मारपीट और 5 हजार रुपए वसूली का आरोप, टीआई हटाए गए

मोबाईल चोरी की रिपोर्ट लिखाने पहुचा फेरीवाला : पुलिस पर मारपीट और 5 हजार रुपए वसूली का आरोप, टीआई हटाए गए

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े करने वाला मामला सामने आया है। मोबाइल चोरी की शिकायत लेकर मस्तूरी थाना पहुंचे एक फेरीवाले ने पुलिसकर्मियों पर मारपीट करने और 5 हजार रुपए वसूलने का आरोप लगाया है।

मारपीट के आरोपों के बीच हटाए गए टीआई

पीड़ित का दावा है कि, पुलिस ने उसकी शिकायत दर्ज करने के बजाय उसके साथ अभद्रता की और थाने के अंदर मारपीट की। मामले की शिकायत एसएसपी कार्यालय तक पहुंचने के बाद मस्तूरी थाना प्रभारी सलीम खाखा को हटा दिया गया है। हालांकि, आधिकारिक आदेश में कार्रवाई की वजह प्रशासनिक बताई गई है।

मोबाइल चोरी की रिपोर्ट लिखाने पहुंचा था युवक

मामला 11 सितंबर की सुबह का बताया जा रहा है। बिल्हा थाना क्षेत्र के पत्थरखान निवासी नकुल प्रसाद मांडरे गांव-गांव घूमकर साड़ी और कपड़े बेचता है। वह सुबह करीब 6 बजे मस्तूरी की ओर निकला था। रास्ते में मस्तूरी पेट्रोल पंप पर पेट्रोल भराने के बाद उसने शराब पी। कुछ दूर आगे जाने पर उसने गाड़ी रोकी और नीचे उतरा। इसी दौरान उसे पता चला कि उसकी गाड़ी से मोबाइल चोरी हो गया है।

फॉर्म लाने के बाद भी दर्ज नही हुई रिपोर्ट

मोबाइल चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए वह मस्तूरी थाने पहुंचा। शिकायत के मुताबिक, उसने मुशी शिवचरण मरावी को मोबाइल चोरी होने और शराब पीने की जानकारी दी। आरोप है कि मुशी ने उसे बाहर से एक फॉर्म की फोटोकॉपी लाने के लिए कहा। फॉर्म लेकर वापस लौटने के बाद भी उसकी रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई।

थाने के अंदर मारपीट का आरोप

पीड़ित ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया है कि पुलिसकर्मी दिनेश निराला, शिवचरण मरावी और नीतीश बंजारे ने उसके साथ अभद्र व्यवहार किया। इसके बाद उसे थाने के अंदर ले जाकर मारपीट की गई। नकुल का कहना है कि, जिस समय उसके साथ मारपीट की जा रही थी. उस वक्त थाना प्रभारी सलीम खाखा भी थाने में मौजूद थे। आरोप है कि उन्होंने पुलिसकर्मियों को रोकने का प्रयास नहीं किया। हालांकि, शिकायत में टीआई पर खुद मारपीट करने का आरोप नहीं लगाया गया है।

2 हजार कैश लेने और 3 हजार ऑनलाइन मंगाने का आरोप

पीड़ित ने पुलिसकर्मियों पर अवैध वसूली का भी आरोप लगाया है। शिकायत के मुताबिक, शराब के नशे मे होने की बात सामने आने के बाद पुलिसकर्मियों ने उसकी तलाशी ली। इस दौरान उसकी जेब से 2 हजार रुपए नकद लेने और गाड़ी की चाबी अपने पास रखने का आरोप है। नकुल का दावा है कि उसे छोड़ने के लिए बाद में 3 हजार रुपए और मांगे गए। आरोप है कि दबाव में उसने अपनी पत्नी से चैट के जरिए सूर्य सागर नामक व्यक्ति के नंबर पर 3 हजार रुपए ऑनलाइन ट्रांसफर करवाए। इस तरह पीड़ित ने पुलिसकर्मियों पर कुल 5 हजार रुपए लेने का आरोप लगाया है।

शिकायत के बाद टीआई हटाए गए

मामले की शिकायत एसएसपी कार्यालय में किए जाने के बाद एसएसपी रजनेश सिंह ने मस्तूरी थाना प्रभारी सलीम खाखा को हटा दिया। उनकी जगह निरीक्षक कपिलदेव चंद्रा को मस्तूरी थाने की जिम्मेदारी सौपी गई है।

जांच के बाद खुलेगा आरोपों का सच

हालांकि, जारी तबादला आदेश में सलीम खाखा को हटाने की वजह प्रशासनिक कारण बताई गई है उनके कामकाज को लेकर पहले भी शिकायते सामने आने की बात कही जा रही है, लेकिन उन शिकायतो और मौजूदा कार्रवाई के बीच सीधे संबंध की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। फिलहाल, फेरीवाले की शिकायत में लगाए गए मारपीट और अवैध वसूली के आरोपों की जांच के बाद ही पूरे मामले की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

खबर शेयर करें:

This will close in 20 seconds