बीजापुर : जिले के रूद्रारम के एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय में बालिकाओं के साथ यौन दुर्व्यवहार का मामला सामने आया है। विद्यालय के कंप्यूटर शिक्षक देवेंद्र दहिया पर दो साल से छात्राओं के साथ अनुचित व्यवहार और उन्हें परेशान करने का आरोप लगा है। छात्राओं ने अपने परिजनों को बताया उसके बाद खुलासा हुआ।
सात छात्राओं ने की शिकायत
फिलहाल सात छात्राओं की ओर से शिकायत किए जाने की बात सामने आई है। शिकायत में छात्राओं और पालकों के हस्ताक्षर हैं। गौरतलब है कि इस कन्या आवासीय विद्यालय में छटवीं से लेकर बारहवीं तक वर्तमान में 341 छात्राएं अध्ययनरत है। मिली जानकारी के मुताबिक शिकायत करने वाली छात्राएं कक्षा 9वीं की हैं।
प्राचार्या पर मामला दबाने का आरोप
पालकों ने शिकायत में विद्यालय प्रबंधन की भूमिका पर सवाल उठाए हैं। उनका आरोप है कि छात्राओं की ओर से मामले की जानकारी प्राचार्या को दिए जाने के बाद भी इसे गंभीरता से लेने की बजाय दबाने का प्रयास किया गया। शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि छात्राओं को आश्रम से निकालने तक की बात कही गई थी। पालकों का कहना है कि आवासीय विद्यालय में रहने वाले छात्राओं की सुरक्षा और उनके साथ होने वाले व्यवहार की जिम्मेदारी विद्यालय प्रबंधन की है।
शिक्षक पर कार्रवाई की मांग, पालकों ने की शिकायत
पालक शिकायत लेकर कलेक्टर और एसपी के पास पहुंचे। शिकायत में शिक्षक के खिलाफ जांच कर कड़ी कार्रवाई की मांग की गई है। आरोपी कंप्यूटर शिक्षक फरार हो गया है। छात्राओं का कहना है कि, जब भी वे इस संबंध में शिकायत करने की बात करते थे तो उन्हें कथित तौर पर डराया धमकाया जाता था। इसी वजह से छात्राएं काफी समय तक इस मामले को लेकर खुलकर सामने नहीं आ सकी। कुछ दिन पहले छात्राओं ने अपने माता-पिता को पूरे मामले की जानकारी दी। इसके बाद पालकों ने आपस में चर्चा कर मामले को सामने लाने का निर्णय लिया।
आरोपी शिक्षक फरार
आवासीय विद्यालय की प्राचार्या नारायणम्मा ने कहा कि 3-4 दिन पहले जानकारी मिलने पर आरोपी शिक्षक को निकाल दिया गया। वहीं लोगों का कहना है कि वह 7 सितम्बर से फरार है। कहा गया है कि, हरियाणा निवासी शिक्षक की दो साल की परीविक्षा अवधि जून 2026 को समाप्त हो गई है। मिली जानकारी के अनुसार प्राचार्या बीजापुर जिले की मद्देड निवासी है वहीं अधिक्षिका प्रसूती अवकाश पर है।
एसडीएम कार्यालय में हो रहा बयान
कलेक्टर के निर्देश पर भोपालपटनम के एसडीएम नाग पालकों की उपस्थिति में बालिकाओं का बयान दर्ज कर रहे है वहीं लोगों में इस घटना को लेकर काफी आक्रोश है पालकों के साथ शहर के लोग भी एसडीएम कार्यालय में मौजूद है। रुद्रारम आवासीय विद्यालय अनुविभाग मुख्यालय भोपालपटनम से महज सवा किलोमीटर दूर राष्ट्रीय राजमार्ग पर है।
5 सदस्यीय टीम गठित
सहायक आयुक्त आदिवासी विकास बीजापुर के देवेन्द्र सिंह ने बताया कि 12 सितम्बर को मुझे इस संबंध में जानकारी मिली तब तुरन्त हमने कलेक्टर एवं अन्य अधिकारियों को जानकारी दी। कलेक्टर के द्वारा 5 सदस्यों की टीम बनाकर अनुविभागीय अधिकारी राजस्व भोपालपटनम को जांच करने नियुक्त किया गया है।