सीतापुर। जिस डाकघर पर लोगों की वर्षों की जमा-पूंजी सुरक्षित रखने का भरोसा होता है, वहीं एक महिला खाताधारक की मेहनत की कमाई पर कथित तौर पर हाथ साफ करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। उप डाकघर में पदस्थ सहायक पोस्टमास्टर पर महिला के खाते से उसके फर्जी हस्ताक्षर के जरिए लाखों रुपये निकालने का आरोप है। महिला ने जब अपना पासबुक अपडेट कराया तो खाते से बड़ी रकम गायब देखकर उसके पैरों तले जमीन खिसक गई। शिकायत के बाद पुलिस ने मामले में आरोपी सहायक पोस्टमास्टर को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
14 लाख रुपये की राशि कर दी थी जमा
मिली जानकारी के अनुसार, पुराना बस स्टैंड निवासी होटल संचालक महेश सिंह की पत्नी ममता सिंह ने उप डाकघर में आरडी खाता खुलवा रखा था। वह डाकघर के एजेंट के माध्यम से नियमित रूप से राशि जमा करती थीं। आरडी की अवधि पूरी होने के बाद उन्होंने करीब 14 लाख रुपये की राशि उप डाकघर के सेविंग अकाउंट में जमा कर दी थी, ताकि जरूरत पड़ने पर वह रकम एकमुश्त निकालकर अपनी आवश्यकताओं को पूरा कर सकें।
फर्जी हस्ताक्षर के माध्यम से आहरित किए रकम
आरोप है कि, उप डाकघर में पदस्थ सहायक पोस्टमास्टर सूरजदास महंत, पिता स्व. यदुनाथ महंत ने महिला के खाते से फर्जी तरीके से रकम निकाल ली। आरोप के मुताबिक, महिला के फर्जी हस्ताक्षर कर 17 मार्च 2026 को 5 लाख रुपये, 15 अप्रैल को 4 लाख रुपये और 30 अप्रैल को 5 लाख रुपये, यानी कुल 14 लाख रुपये खाते से आहरित कर लिए गए।
पासबुक अपडेट कराया तो सामने आया पूरा फर्जीवाड़ा
मामले का खुलासा तब हुआ जब ममता सिंह ने अपना डाकघर का पासबुक अपडेट कराया। खाते से लाखों रुपये निकाले जाने की जानकारी मिलते ही उन्होंने मामले की शिकायत प्रधान डाकघर अंबिकापुर में डाक के माध्यम से लिखित रूप में की। आरोप है कि, शिकायत के बावजूद काफी समय तक न तो आरोपी के खिलाफ कोई कार्रवाई हुई और न ही महिला की रकम वापस दिलाई गई।
पुलिस ने दर्ज किया अपराध, आरोपी जेल भेजा
प्रधान डाकघर से अपेक्षित सहयोग नहीं मिलने के बाद परेशान महिला ने आखिरकार पुलिस थाने पहुंचकर सहायक पोस्टमास्टर के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। महिला की शिकायत पर पुलिस ने मामले में सहायक पोस्टमास्टर सूरजदास महंत के खिलाफ धारा 318 (4) 316(5), 336 (3), 338 और 340(2) के तहत अपराध दर्ज किया। जांच के बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
वित्तीय लेन-देन की निगरानी गंभीर सवाल
पुलिस की इस कार्रवाई में थाना प्रभारी प्रदीप जायसवाल, प्रशिक्षु उपनिरीक्षक अनिल यादव समेत पुलिस जवानों की भूमिका रही। महिला के खाते से कथित तौर पर 14 लाख रुपये निकाले जाने के इस मामले ने उप डाकघर में खाताधारकों की जमा राशि की सुरक्षा और वित्तीय लेन-देन की निगरानी को लेकर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।