मानसून की राह देख रहा छत्तीसगढ़, अगले दो दिनों तक कई जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट

रायपुर : छत्तीसगढ़ में आने वाले दिनों में मौसम का मिजाज बदलता नजर आएगा. मौसम विभाग के मुताबिक प्रदेश के कई इलाकों में अगले पांच दिनों तक हल्की से मध्यम बारिश, गरज-चमक और वज्रपात की संभावना बनी हुई है. वहीं, 23 जून 2026 के आसपास दक्षिण-पश्चिम मानसून के छत्तीसगढ़ के कुछ हिस्सों में आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल हो रही हैं, जिससे प्रदेश में बारिश की गतिविधियों में तेजी आने की उम्मीद है.
आने वाले दिनों में बारिश की संभावना
मौसम विभाग से मिली जानकारी के मुताबिक, छत्तीसगढ़ में 21 जून से 26 जून तक प्रदेश के कुछ इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है. इस दौरान कई क्षेत्रों में बादलों की आवाजाही के साथ मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है. इस बीच 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती है. मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है.
बीते दिनों कई इलाकों में हुई बारिश
मौसम विभाग की रिपोर्ट के अनुसार पिछले 24 घंटों के दौरान मध्य और उत्तरी छत्तीसगढ़ के कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ वज्रपात दर्ज किया गया. साथ ही कई क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश भी हुई.
छत्तीसगढ़ में कब आएगा मानसून
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार दक्षिण-पश्चिम मॉनसून के आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां लगातार अनुकूल हो रही हैं. विभाग का कहना है कि 23 जून 2026 के आसपास मॉनसून छत्तीसगढ़ के कुछ और हिस्सों में आगे बढ़ सकता है, जिससे बारिश की गतिविधियों में तेजी आ सकती है.