कोरिया ,चरचा : एक वारदात का पुलिस ने खुलासा करते हुए एक नाबालिग समेत चार लोगों को गिरफ्तार किया है। मामला चरचा कॉलरी की व्हीटीसी कॉलोनी का है, जहां परिवार की गैरमौजूदगी में घर का ताला तोड़कर लाखों रुपये के सोने-चांदी के जेवर पार कर दिए गए थे। पुलिस जांच में चोरी के गहनों को बेचने की पूरी कड़ी सामने आई और आखिरकार करीब 4.92 लाख रुपये के आभूषण बरामद कर लिए गए।
पश्चिम बंगाल गया था परिवार, इधर घर में घुसे चोर
व्हीटीसी कॉलोनी निवासी तन्मय भंडारी अपने परिवार के साथ पश्चिम बंगाल के दुर्गापुर, आसनसोल गए हुए थे। 23 अगस्त को एक परिचित ने उन्हें फोन कर घर में चोरी की जानकारी दी। परिवार वापस लौटा तो मकान की हालत देखकर चोरी का पता चला।
घर के दरवाजे की सांकल निकली हुई थी और अंदर रखी आलमारी का लॉकर टूटा मिला। उसमें रखे सोने और चांदी के कई गहने गायब थे। चोरी हुए सामान में हार, कंगन, अंगूठियां, कान की बालियां, मांग टीका, बच्चे का लॉकेट, चांदी का कड़ा, पायल और कमरबंद समेत कई आभूषण शामिल थे।
शिकायत मिलने पर चरचा थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
पड़ोसी से पूछताछ में खुलने लगी कहानी
चोरी की गुत्थी सुलझाने के लिए पुलिस ने साइबर सेल की मदद ली और इलाके में मुखबिरों को सक्रिय किया। जांच के दौरान पुलिस को कुछ अहम सुराग मिले, जिसके आधार पर हर्षवर्धन शर्मा और एक नाबालिग से पूछताछ की गई।
पुलिस के मुताबिक पूछताछ में दोनों ने 22 अगस्त की रात चोरी करने की बात स्वीकार की। इसके बाद जांच आगे बढ़ी तो चोरी के सामान को ठिकाने लगाने में शामिल अन्य लोगों तक भी पुलिस पहुंच गई।
नाबालिग की निशानदेही पर चोरी के माल की बिक्री से मिले 5 हजार रुपये और एक बाइक बरामद की गई। वहीं हर्षवर्धन के पास से चोरी के पैसों से खरीदा गया मोबाइल फोन और सिम जब्त किया गया।
जेवर गलाने वाले तक पहुंची पुलिस की जांच
चोरी के बाद गहनों को सीधे बेचने के बजाय उन्हें आगे खपाने की कोशिश की गई थी। पुलिस के अनुसार, चोरी के जेवर सलका निवासी अक्षय बसोर के जरिए पटना निवासी सतेन्द्र सोनी तक पहुंचे।
आरोप है कि सतेन्द्र सोनी ने इन जेवरों के बदले आरोपियों को 1.33 लाख रुपये दिए। इसमें से 56,700 रुपये नाबालिग को दिए गए थे। बाकी रकम में से खर्च के बाद बची 4,380 रुपये भी पुलिस ने बरामद कर ली।
पिघला हुआ सोना और चांदी भी मिला
पुलिस ने सतेन्द्र सोनी के कब्जे से चोरी के जेवर बरामद किए। इसमें दो सोने की अंगूठियां, दो जोड़ी कान की बालियां और एक लॉकेट शामिल हैं। इसके अलावा पिघला हुआ सोना और चांदी भी पुलिस के हाथ लगी।
बरामद सोने का वजन करीब 29.91 ग्राम और चांदी का वजन करीब 177 ग्राम बताया गया है। पुलिस के मुताबिक सोने की कीमत करीब 4.50 लाख रुपये, जबकि चांदी की कीमत लगभग 42,300 रुपये है। बरामद आभूषणों की कुल कीमत करीब 4 लाख 92 हजार 300 रुपये आंकी गई है।
चार लोगों पर पुलिस की कार्रवाई
पुलिस ने मामले में हर्षवर्धन शर्मा (18), अक्षय बसोर (27), सतेन्द्र सोनी (42) और एक अपचारी बालक को गिरफ्तार किया है। तीनों बालिग आरोपी क्रमश: व्हीटीसी कॉलोनी चरचा, ग्राम सलका और बाजारपारा पटना के रहने वाले बताए गए हैं। पुलिस अब मामले में चोरी और चोरी के सामान की खरीद-फरोख्त से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।