दंपति की संदिग्ध मौत : जमीन पर मृत पड़ी थी पत्नी, फंदे पर लटका मिला पति, मामले की जांच में जुटी पुलिस

दुर्ग : जिले के वृंदा नगर में पति-पत्नी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई. घर के सामने वाले कमरे में पत्नी का शव जमीन पर पड़ा मिला, जबकि अंदर के कमरे में पति फांसी के फंदे पर लटका हुआ पाया गया. घटना की सूचना मिलते ही वैशाली नगर थाना पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की.
जमीन पर मृत पड़ी थी पत्नी, फंदे पर लटका मिला पति
दरअसल, मृतकों की पहचान जी वेंकट रमन (55 वर्ष) और उनकी पत्नी जी विद्यावती (52 वर्ष) के रूप में हुई है. प्रारंभिक जांच में वेंकट रमन की मौत फांसी लगाने से होना प्रतीत हो रहा है, जबकि विद्यावती के गले पर रस्सी से कसाव के निशान मिलने के कारण उनकी मौत को लेकर संदेह बना हुआ है. पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा.
भिलाई नगर सीएसपी सत्यप्रकाश तिवारी ने बताया कि रविवार सुबह करीब 9 बजे घर में कोई हलचल नहीं होने पर पड़ोस में रहने वाली मृतक की मां घर पहुंची. वहां उसने अपनी बहू विद्यावती को मृत अवस्था में पड़ा देखा. अंदर वाले कमरे में जाने पर उसका बेटा वेंकट रमन फांसी के फंदे पर लटका मिला. इसके बाद उसने अपने छोटे बेटे मदन राव को सूचना दी, जिसने पुलिस को मामले की जानकारी दी.
मामले की जांच में जुटी पुलिस
पुलिस को घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है, हालांकि एक मोबाइल फोन बरामद हुआ है, जिसका स्क्रीन लॉक है. पुलिस मोबाइल की जांच के बाद कुछ महत्वपूर्ण जानकारी मिलने की संभावना जता रही है. पूछताछ में पता चला है कि वेंकट रमन ऑटो चालक था और आर्थिक तंगी से जूझ रहा था. दंपत्ति का एक बेटा ओडिशा में काम करता है, जो घटना की सूचना मिलने के बाद भिलाई के लिए रवाना हो गया है. पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है.