अंबिकापुर-कटघोरा फोरलेन रोड पर बनेगा हाथियों और जंगली जानवरों के लिए अंडर पास पुल, टीएस सिंह देव ने नितिन गडकरी का किया धन्यवाद

रायपुर : पूर्व उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव के द्वारा केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी को प्रेषित एक सुझाव पत्र के उपरांत अब अम्बिकापुर- कटघोरा मार्ग पर प्रस्तावित फोरलेन रोड पर लखनपुर में बाईपास के साथ ही साथ लेमरू प्रोजेक्ट के क्षेत्र में वन्य-जीवन अनुकूल सड़क का निर्माण होगा. इसके साथ ही कांग्रेस नेता और छत्तीसगढ़ के पूर्व उप मुख्यमंत्री टीएस सिंह देव ने केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी को धन्यवाद दिया है.

8 मार्च को केंद्रीय मंत्री को लिखा था पत्र

अम्बिकापुर से कटघोरा के मध्य राष्ट्रीय राजमार्ग क्रमांक 130 को अपग्रेड कर इसे फोरलेन में बदलने की स्वीकृति हो गई है. राष्ट्रीय राजमार्ग विभाग सलाहकार कंपनी के माध्यम से इसके डीपीआर पर काम कर रही है. इस राष्ट्रीय राजमार्ग का एक बड़ा हिस्सा सरगुजा, सूरजपुर एवं कोरबा जिले में उस वन्यक्षेत्र से गुजरता है, जिसे लेमरू हाथी प्रोजेक्ट क्षेत्र के रूप में अधिसूचित किया गया है. अतिरिक्त इस मार्ग पर सरगुजा जिले में लखनपुर बस्ती भी है, जहां बायपास के अभाव में यातायात का भारी दबाव नगर के बीच से गुजरने वाले मुख्य मार्ग पर है, जिस पर आए दिन सडक दुर्घटना में आमजन को जानमाल का नुकसान उठाना पड़ रहा है. इन परिस्थितियों को लेकर पूर्व उपमुख्यमंत्री टी एस सिंहदेव ने 8 मार्च को केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी को एक पत्र प्रेषित कर 2 बिंदुओं पर अपना सुझाव दिया था.

पहला सुझाव लखनपुर नगर पंचायत क्षेत्र को यातायात के दबाव से मुक्त करने के लिये बायपास बनाने का था. दूसरा सुझाव लेमरू हाथी रिजर्व क्षेत्र में इस सड़क के विस्तार को लेकर था. पूर्व उपमुख्यमंत्री ने यह सुझाव दिया था कि इस क्षेत्र में बन रहे इस फोरलेन सड़क को भारत माला प्रोजेक्ट के उन नॉर्म के तहत बनाया जाये, जिससे इस क्षेत्र के वन्यजीवों को संरक्षण मिले. उन्होंने सुझाव देते हुए पत्र में उल्लेख किया था कि लेमरू हाथी प्रोजेक्ट क्षेत्र में एनिमल बेरिकेटिंग के साथ ही पर्याप्त संख्या में एनिमल अंडरपास बनाये जाएं.

पूर्व मुख्यमंत्री ने केंद्रीय मंत्री का आभार जताया

पूर्व उपमुख्यमंत्री के सुझावों पर सकारात्मक प्रतिक्रिया देते हुए राष्ट्रीय राजमार्ग विभाग ने 20 अप्रैल को इस मार्ग के लिये डीपीआर बना रही सलाहकार संस्था को इस अनुरूप आवश्यक संसोधन कर डीपीआर देने हेतु पत्र जारी किया, पूर्व उपमुख्यमंत्री टी एस सिंहदेव को इस बात से अवगत कराया है. पूर्व उपमुख्यमंत्री ने केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री का आभार जताया है. उन्होंने इस क्षेत्र के निवासियों और उनके पर्यावरणीय हितों के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण अपनाया है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

This will close in 20 seconds