कल से 3 दिनों तक ‘मैनपाट महोत्सव’, सीएम साय करेंगे उद्घाटन, भोजपुरी स्टार मनोज तिवारी बांधेंगे समां

रायपुर : छत्तीसगढ़ का ‘शिमला’ कहे जाने वाले मैनपाट में 13 फरवरी से मैनपाट महोत्सव शुरू होने जा रहा है. सरगुजा जिला प्रशासन के द्वारा मैनपाट महोत्सव का 3 दिनों तक आयोजन किया जाएगा. इस महोत्सव का उद्घाटन प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय करेंगे. इस दौरान कई रंगारंग कार्यक्रमों का आयोजन भी किया जाएगा.

इस पूरे कार्यक्रम में देश और प्रदेश के कई कलाकार भी शामिल होंगे. इनमें प्रमुख रूप से भारतीय जनता पार्टी के सांसद और भोजपुरी स्टार कलाकार मनोज तिवारी शामिल हैं. भोजपुरी स्टार मनोज तिवारी अपने गीतों से दर्शकों का मन मोहेंगे. दूसरी तरफ बॉलीवुड के कलाकार भी इस आयोजन में शामिल होने के लिए पहुंचेंगे.

मैनपाट महोत्सव की तैयारी पूरी

मैनपाट के रोपाखार नामक स्थल पर महोत्सव की तैयारी को अंतिम रूप दिया जा चुका है. सरगुजा जिला प्रशासन ने सभी विभाग के अधिकारियों को उनकी जिम्मेदारी इस कार्यक्रम को लेकर पहले ही सौंप दी है. इस कार्यक्रम का शुभारंभ प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय करेंगे.

इस अवसर पर प्रदेश के वित्त मंत्री ओपी चौधरी, पर्यटन मंत्री राजेश अग्रवाल, महिला बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े, स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल के अलावा सीतापुर विधायक रामकुमार टोप्पो और विधायक प्रबोध मिंज सहित कई जनप्रतिनिधि भी शामिल होंगे.

मैनपाट में आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम को लेकर पुलिस प्रशासन ने भी कड़ी तैयारी की है और अतिरिक्त पुलिस जवान की तैनाती की गई है, ताकि मैनपाट में इस महोत्सव की वजह से होने वाले भीड़ पर नियंत्रण रखा जा सके. सड़क हादसे न हो इस दिशा में प्रशासन भी मुस्तैद है.

दूसरी तरफ मैनपाट महोत्सव को देखते हुए कमलेश्वरपुर की सड़कों को चकाचक किया जा रहा है और आकर्षक लाइटिंग की भी व्यवस्था की गई है ताकि बाहर से आने वाले पर्यटक आकर्षित हो सके और उन्हें परेशान ना होना पड़े.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

This will close in 20 seconds