छत्तीसगढ़ में फिर बढ़ेगा तापमान: तीन दिन शुष्‍क रहेगा मौसम, प्रदेश में सबसे कम न्यूनतम तापमान अंबिकापुर में दर्ज

रायपुर : छत्तीसगढ़ में मौसम फिलहाल शुष्क बना हुआ है. मौसम विभाग का अनुमान है कि आने वाले तीन दिनों के दौरान प्रदेश के अधिकतम तापमान में 1 से 3 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी हो सकती है. राजधानी रायपुर में शनिवार को अधिकतम तापमान 31.3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से करीब 2 डिग्री अधिक रहा, जबकि न्यूनतम तापमान 17.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. प्रदेश में सबसे कम न्यूनतम तापमान 8.3 डिग्री सेल्सियस अंबिकापुर में दर्ज किया गया, जिससे यह इलाका सबसे ठंडा रहा.

प्रदेश के अन्‍य जिलों में ऐसा रहा तापमान

अन्य जिलों की बात करें तो बिलासपुर में अधिकतम तापमान 29.2 और न्यूनतम 16 डिग्री, दुर्ग में अधिकतम 31.2 और न्यूनतम 13.6 डिग्री, वहीं जगदलपुर में अधिकतम 30.2 और न्यूनतम तापमान 14.9 डिग्री सेल्सियस रहा. पेंड्रारोड में न्यूनतम तापमान 11.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. मौसम विभाग के अनुसार 1 फरवरी को भी प्रदेश में मौसम साफ और शुष्क रहने की संभावना है. रायपुर में सुबह के समय हल्की धुंध छा सकती है, जबकि यहां अधिकतम तापमान करीब 31 और न्यूनतम तापमान लगभग 17 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है.

सरगुजा में छाया घना कोहरा

अगले तीन दिनों के दौरान मध्य और दक्षिण छत्तीसगढ़ में न्यूनतम तापमान में कोई खास बदलाव नहीं होने की संभावना है, हालांकि दिन के तापमान में धीरे-धीरे इजाफा हो सकता है. वहीं सरगुजा संभाग में शनिवार को घना कोहरा देखने को मिला, जिससे सुबह के समय दृश्यता बेहद कम होकर 10 से 20 मीटर तक सिमट गई. कोहरे के कारण सड़कों पर वाहनों की गति प्रभावित रही. मौसम विभाग ने आने वाले घंटों में भी कोहरे का असर बने रहने की संभावना जताते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

This will close in 20 seconds