लॉगिन

बकाया बिजली बिल की वसूली करने गई महिला इंजीनियर और कर्मचारियों को मिली जान से मारने की धमकी, पुलिस ने किया एफआईआर दर्ज

Chhattisgarh December 26, 2025 रिपोर्टर: shailesh
बकाया बिजली बिल की वसूली करने गई महिला इंजीनियर और कर्मचारियों को मिली जान से मारने की धमकी, पुलिस ने किया एफआईआर दर्ज

बकाया बिजली बिल की वसूली करने गई महिला इंजीनियर और कर्मचारियों को मिली जान से मारने की धमकी, पुलिस ने किया एफआईआर दर्ज

रायपुर : बिजली बिल की वसूली में गयी इंजीनियर और कर्मचारियों के साथ दुर्व्यवहार का मामला सामने आया है। पुलिस ने इस मामले में एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी। टिकरापारा थाना क्षेत्र के संतोषी नगर मेन रोड स्थित एक चाय दुकान पर बिजली बिल की बकाया राशि वसूलने पहुंची टीम को विरोध, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी का सामना करना पड़ा। इस घटना में महिला जूनियर इंजीनियर सहित अन्य कर्मचारियों के साथ दुर्व्यवहार किए जाने का आरोप है।

रायपुर में शासकीय कार्य कर रही सीएसपीडीसीएल  (छत्तीसगढ़ स्टेट पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड) की टीम के साथ बदसलूकी का मामला दर्ज किया है।पुलिस ने महिला अधिकारी की शिकायत पर मामला दर्ज किया है।  जानकारी के अनुसार, सीएसपीडीसीएल रावणभाठा जोन की टीम उपभोक्ता गोपाल तांडी के विद्युत कनेक्शन पर लंबित ₹4950 की बकाया राशि की वसूली के लिए मौके पर पहुंची थी। यह कनेक्शन संतोषी नगर मेन रोड पर स्थित “मंत्री जी की चाय दुकान” से जुड़ा बताया जा रहा है। टीम में महिला जूनियर इंजीनियर भावनी तिवारी सहित अन्य कर्मचारी शामिल थे।

सीएसईबी की टीम ने बकाया राशि जमा करने के लिए कहे जाने पर उपभोक्ता ने भुगतान से इनकार कर दिया। इसके बाद जब सीएसपीडीसीएल के कर्मचारियों ने नियमानुसार बिजली कनेक्शन विच्छेदन (डिस्कनेक्शन) की प्रक्रिया शुरू की, तो स्थिति बिगड़ गई। आरोप है कि उपभोक्ता और उसके परिजनों ने शासकीय कार्य में बाधा डाली और कर्मचारियों के साथ तीखी बहस शुरू कर दी।

शिकायत में कहा गया है कि इसी दौरान आशीष तांडी नामक युवक ने राजनीतिक दबाव का हवाला देते हुए कर्मचारियों को धमकाया। उसने गाली-गलौज की, आवश्यक दस्तावेज छीनने की कोशिश की और महिला जूनियर इंजीनियर के साथ अभद्र व्यवहार किया। आरोप यह भी है कि कर्मचारियों को जान से मारने की धमकी दी गई, जिससे मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

खबर शेयर करें:

This will close in 20 seconds