कोरबा : जिले में चलती कार पर तीन युवतियों की स्टंटबाजी का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. वीडियो में एक युवती गरबा ड्रेस पहनकर कार के बोनट पर लेटी नजर आ रही है, जबकि दो अन्य युवतियां कार के दोनों तरफ के दरवाजों पर लटककर डांस करती दिखाई दे रही हैं. मामला मानिकपुर चौकी क्षेत्र के रविशंकर नगर का है. वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने कार मालिक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है.
रील बनाने के लिए जान जोखिम में डाली
वायरल वीडियो में काले रंग की कार सड़क पर चलती दिखाई देती है. इस दौरान तीनों युवतियां कार पर खतरनाक तरीके से स्टंट करती नजर आती हैं. बताया जा रहा है कि युवतियों ने इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो शूट किया और उसे सोशल मीडिया पर अपलोड कर दिया. वीडियो में ‘जस्ट चील चील चील’ गाना सुनाई दे रहा है. नवरात्रि के दौरान रविशंकर नगर की सड़कों पर सजावट भी की गई है.
पोस्ट के कैप्शन ने खींचा ध्यान
युवतियों ने वीडियो के साथ कैप्शन लिखा, ‘फ्रीडम उसी को मिलती है, जो घर में गाली खाने का जिगरा रखता हो.’ वीडियो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों ने इस हरकत को लेकर नाराजगी जताई. यूजर्स ने इसे खतरनाक बताते हुए संबंधित लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की. चलती कार पर इस तरह स्टंट करने से किसी बड़े हादसे का खतरा बना हुआ था.
कार नंबर से मालिक की पहचान
वीडियो में कार का नंबर CG 12 BV 6007 दिखाई दे रहा है. पुलिस ने नंबर के आधार पर वाहन की पहचान कर उसके मालिक के खिलाफ मामला दर्ज किया है. स्टंट करने वाली युवतियों के खिलाफ भी नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जा रही है.
BNS की धाराओं में मामला दर्ज
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले ने बताया कि मानिकपुर चौकी क्षेत्र के रविशंकर नगर में तीन युवतियां चलती कार के बोनट और दोनों दरवाजों पर बैठकर स्टंट कर रही थीं. इस तरह की लापरवाही से उनकी खुद की जान के साथ दूसरे राहगीरों की सुरक्षा भी खतरे में पड़ सकती थी. पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है.
पुलिस की युवाओं से अपील
पुलिस ने युवाओं से अपील की है कि सोशल मीडिया पर रील बनाने या लोकप्रियता पाने के लिए सड़क पर खतरनाक स्टंट न करें. त्योहारों के दौरान सड़कों पर आवाजाही बढ़ जाती है. ऐसे में इस तरह की लापरवाही गंभीर दुर्घटना का कारण बन सकती है. पुलिस ने स्पष्ट किया है कि लोगों की जान जोखिम में डालने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी.