रायपुर : आज 5 सितंबर 2026 को पूरे देश में शिक्षक दिवस मनाया जा रहा है. इस मौके पर प्रदेश सरकार की तरफ से शनिवार को 64 उत्कृष्ट शिक्षकों सम्मान किया जाएगा. उत्कृष्ट शैक्षणिक कार्य और सेवाओं के लिए राज्यपाल रमेन डेका के हाथों इन टीचरों को सम्मानित किया जाएगा. ये कार्यक्रम आज सुबह 11 बजे लोक भवन में स्थित छत्तीसगढ़ मंडपम् में आयोजित होगा. इस कार्यक्रम में सूबे के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय भी शामिल होंगे.
अलग-अलग जिलों से शिक्षकों का चयन
इस सम्मान के लिए चयनित शिक्षकों में प्राचार्य, प्रधान पाठक, व्याख्याता और सहायक शिक्षक सहित शिक्षा विभाग की विभिन्न श्रेणियों के शिक्षक शामिल हैं. वर्ष 2024-25 के लिए राज्य स्तरीय पुरस्कार में 64 शिक्षकों का चयन प्रदेश के अलग-अलग जिलों से किया गया है. वहीं नवाचार और उत्कृष्ट कार्यों के लिए 4 शिक्षकों को विशेष नवाचार पुरस्कार मिलेगा.
राज्य शिक्षक सम्मान के लिए रायपुर, धमतरी, दुर्ग, बिलासपुर, राजनांदगांव, रायगढ़, सरगुजा, बस्तर, दंतेवाड़ा, जशपुर, कोरबा समेत प्रदेश के कई जिलों से शिक्षकों का चयन किया गया है. इतना ही नहीं छत्तीसगढ़ सरकार प्रदेश के चार महान साहित्यकारों की स्मृति में राज्य शिक्षक सम्मान स्मृति पुरस्कार भी देती हैं. इस सम्मान के लिए हर साल प्रदेश भर से चार शिक्षकों का चयन किया जाता है.
50 हजार रुपये की सम्मान राशि और प्रशस्ति पत्र
यह पुरस्कार डॉ. पदुमलाल पन्नालाल बख्शी, गजानन माधव मुक्तिबोध, डॉ. मुकुटधर पांडेय और बलदेव प्रसाद मिश्र की स्मृति में दिए जाते हैं. ये पुरस्कार पाने वाले शिक्षकों को 50-50 हजार रुपये की सम्मान राशि और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया जाता हैं. विभाग ने 4 और 5 सितंबर को समारोह में शामिल होने वाले शिक्षकों से शालीन पोशाक पहनकर आने के निर्देश दिए हैं.