राजभवन क्यों नहीं पहुचे अजय चंद्राकर : चंद्राकर बोले “कैबिनेट में नवाचारी और उत्साह से भरे लोग शामिल किए गए”

रायपुर। छत्तीसगढ़ के नए मंत्रियों के शपथ ग्रहण समारोह में अजय चंद्राकर के शामिल नहीं होने पर कांग्रेस ने तंज कसा था। इस पर अब वरिष्ठ भाजपा विधायक अजय चंद्राकर ने जवाब दिया है। उन्होंने कहा है कि, कैबिनेट में नवाचारी, उत्साह से भरे लोग शामिल किए गए हैं। सब मिलाकर संतुलित कैबिनेट है। छत्तीसगढ़ के सभी क्षेत्रों में विकास की किरण दिखाई देगी। वैसे भी कैबिनेट मुख्यमंत्री का विशेषाधिकार है।

कांग्रेस के संगठन सृजन अभियान पर टिप्पणी करते हुए श्री चंद्राकर ने कहा है कि, एमपी में कांग्रेस की सूची पर भारी बवाल हो रहा है। कांग्रेस में ऐसे लोगों की तलाश है जिनकी निष्ठा गांधी परिवार से है। कांग्रेस में यह लोग जननायक नहीं पपेट होते हैं। यह पपेट गांधी परिवार के लिए सोचते हैं और काम करते हैं। कांग्रेस को जब पपेट मिलेगा तब संगठन विस्तार करेंगे। अभी कांग्रेस को पपेट नहीं मिल रहा होगा।

भूपेश बघेल अपनी पार्टी से करें सवाल- चंद्राकर

14 मंत्री बनाए जाने पर भूपेश बघेल ने सवाल उठाए थे। मामले में अब विधायक अजय चंद्राकर ने पलटवार करते हुए कहा- हरियाणा में जब कांग्रेस की सरकार थी तब भूपिंदर हुड्डा ने हरियाणा में क्या किया, भूपेश बघेल को हरियाणा से पूछना चाहिए। सिर्फ बोलने के लिए भूपेश बघेल ना बोलें पहले अपनी पार्टी से पता करें।

टीएस सिंहदेव के पोस्ट पर चंद्राकर का पलटवार

वोट चोरी पर पूर्व डिप्टी सीएम टीएस सिंहदेव के पोस्ट पर विधायक अजय चंद्राकर ने पलटवार किया है। कहा- भूपेश, महंत, सिंहदेव वही बोलते हैं जो बोलने कहा जाता है। कांग्रेस को वोटर लिस्ट में गहन पुनरीक्षण की मांग करनी चाहिए। टीएस सिंहदेव ने पत्र लिखा था कि रोहिंग्या बस रहे है। अंबिकापुर में रोहिंग्याओं के बसने पर सवाल किया गया था। कांग्रेस को इस बात का स्पष्टीकरण देना चाहिए।

उल्लेखनीय है कि, पूर्व डिप्टी सीएम टीएस सिंहदेव का वोट चोरी पर पोस्ट किया है। टीएस सिंहदेव ने लिखा- जो सरकार वोट चोरी से बनी क्या वह सचमुच जनता की सेवा करेगी। जिसे जनता का असली वोट ही न मिला हो उसे जनता की समस्याओं से क्या लेना- देना। सरकार को भरोसा है जनता चाहे जिए या मरे, वोट दे या न दे वो फिर सत्ता में आ जाएंगे। अगर मताधिकार ही छिन गया तो आपके बाकी सारे अधिकार भी खो जाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

This will close in 20 seconds