Weather Update : शिमला, मसूरी से भी ज्यादा दिल्ली में ठंड, कोहरे की वजह से 32 ट्रेनें लेट, एयरपोर्ट के लिए एडवाइजरी जारी

रायपुर।कड़ाके की ठंड और घने कोहरे का असर दिल्ली समेत पूरे उत्तर भारत में देखने को मिल रहा है। दिल्ली और एनसीआर में फिलहाल भीषण शीतलहर और ठंड की मार लोग झेल रहे हैं। न्यूनतम तापमान 5 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया जा रहा है। दिल्ली में न्यूनतम तापमान शिमला, मसूरी, नैनीताल जैस हिल स्टेशन से भी नीचे पहुंच गया है। दिल्ली के कई कई इलाकों में पारा 2 और 3 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह रहा है। दिल्ली के आयानगर इलाके में बीते दिन न्यूनतम तापमान 1.8 डिग्री सेल्सियस था। दिल्ली में गुरुवार तड़के न्यूनतम तापमान में 3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट के साथ अब तक की सबसे सर्द रात दर्ज की गई थी। शनिवार यानी 7 दिसंबर को भी दिल्ली में ऐसी ही कड़ाके की ठंड है।

खबरों के अनुसार, सफदरजंग मौसम केंद्र में न्यूनतम तापमान 3 डिग्री सेल्सियस साल के इस समय के सामान्य तापमान से 4 डिग्री कम है। लोधी रोड पर न्यूनतम तापमान और भी कम 3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। रिज इलाके में न्यूनतम तापमान 3.3 डिग्री दर्ज किया गया है। आईजीआई हवाई अड्डे, पालम और सफदरजंग में लगभग 50 मीटर की दृश्यता के साथ सुबह 8 बजे शहर में घना कोहरा छाया रहा।
हालांकि मौसम विभाग के मुताबिक 7 जनवरी से ठंड में थोड़ी कमी देखने को मिलेगी लेकिन सुबह की शुरुआत ठंड से ही हुई है। दिल्ली एयरपोर्ट ने कम दृश्यता की स्थिति के कारण यात्रियों को एडवाइजरी जारी की है। वहीं कोहरे के कारण 7 जनवरी को उत्तर रेलवे क्षेत्र में 32 ट्रेनें देरी से चल रही हैं।

पिछले 3 दिनों से उत्तर भारत की तरफ से लगातार आ रही सर्द हवाओं के कारण देश के कई हिस्सों में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। शनिवार यानी आज से उत्तर भारत के पहाड़ों पर एक बार फिर बर्फबारी शुरू होने की संभावना है। सर्द हवाओं से मध्य प्रदेश के कुछ क्षेत्र कड़ाके की ठंड की चपेट में आ गए हैं। पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश के अधिकांश स्थानों, दिल्ली, बिहार, उत्तरी राजस्थान और उत्तरी मध्य प्रदेश में कुछ स्थानों पर कोल्ड डे की स्थिति दर्ज की गई है। अगले 24 घंटों के दौरान, पंजाब से बिहार, हरियाणा, दिल्ली और उत्तर प्रदेश में गंगा के मैदानी इलाकों में कुछ स्थानों पर बहुत घना कोहरा और कई स्थानों पर घना कोहरा संभव है। उत्तर और पूर्वी राजस्थान और मध्य प्रदेश के उत्तरी भागों में मध्यम कोहरा संभव है।

राजस्थान, हरियाणा, पंजाब और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में शीतलहर की स्थिति संभव है। पंजाब, हरियाणा और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में शीतलहर की स्थिति जारी रह सकती है। गिलगित-बाल्टिस्तान, मुजफ्फराबाद और जम्मू कश्मीर के ऊपरी इलाकों में हल्की बारिश और हिमपात संभव है।

8 जनवरी से इन राज्यों में बारिश की तीव्रता और फैलाव बढ़ेगा और हिमाचल प्रदेश में भी हिमपात होगा। तेलंगाना तटीय आंध्र प्रदेश और अंडमान और निकोबार द्वीप समूह पर हल्की बारिश संभव है। पश्चिमी विक्षोभ अफगानिस्तान के पश्चिमी भाग और आसपास के क्षेत्रों पर बना हुआ है। यह पश्चिमी हिमालय की ओर जाएगा। एक और पश्चिमी विक्षोभ 10 जनवरी से पश्चिमी हिमालय तक पहुंचेगा।

Back to top button