रायपुर : छत्तीसगढ़ में बारिश का दौर कमजोर पड़ने के बाद अब प्रदेश में मौसम शुष्क रहने की संभावना है. मौसम विभाग के मुताबिक, अगले तीन दिनों के दौरान न्यूनतम तापमान में 1 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है. इसके बाद तापमान में किसी बड़े बदलाव के आसार नहीं हैं. फिलहाल प्रदेश के लिए बारिश को लेकर कोई चेतावनी जारी नहीं की गई है.
अंबिकापुर प्रदेश का सबसे ठंडा स्थान
पिछले 24 घंटों के दौरान छत्तीसगढ़ के एक-दो स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई. इस दौरान कोहकामेटा में सबसे ज्यादा 4 सेंटीमीटर वर्षा हुई. प्रदेश के अन्य इलाकों में मौसम का मिला-जुला असर देखने को मिला. मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, रायपुर और माना में अधिकतम तापमान 31.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. वहीं, अंबिकापुर प्रदेश का सबसे ठंडा स्थान रहा, जहां न्यूनतम तापमान 14.3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया.
रायपुर में 8 नवंबर को मौसम साफ रहने का अनुमान है. यहां अधिकतम तापमान करीब 31 डिग्री और न्यूनतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है. इससे पहले शुक्रवार को राजधानी में अधिकतम तापमान 31.1 डिग्री और न्यूनतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ था. न्यूनतम तापमान सामान्य से 2 डिग्री अधिक रहा.
प्रदेश के प्रमुख शहरों में तापमान
प्रदेश के दूसरे शहरों में भी तापमान में अंतर देखने को मिला. बिलासपुर में अधिकतम तापमान 29.9 और न्यूनतम 18.7 डिग्री सेल्सियस रहा. पेंड्रारोड में अधिकतम तापमान 29.8 और न्यूनतम 15.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. अंबिकापुर में अधिकतम तापमान 28.4 डिग्री रहा. वहीं, जगदलपुर में अधिकतम तापमान 30.7 और न्यूनतम 20.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ. दुर्ग में अधिकतम तापमान 30.6 और न्यूनतम 17.2 डिग्री, जबकि राजनांदगांव में अधिकतम तापमान 30.5 और न्यूनतम 20 डिग्री सेल्सियस रहा.
चक्रवाती परिसंचरण का प्रदेश पर असर नहीं
मौसम विभाग के मुताबिक, पूर्वी तेलंगाना और उससे लगे तटीय आंध्र प्रदेश के ऊपर चक्रवाती परिसंचरण सक्रिय है. यह समुद्र तल से लगभग 4.5 किलोमीटर की ऊंचाई पर बना हुआ है. हालांकि, इस मौसमी सिस्टम का छत्तीसगढ़ में बारिश के रूप में कोई खास असर पड़ने की संभावना नहीं है. प्रदेश में फिलहाल मौसम शुष्क रहने का अनुमान है और 8 नवंबर के लिए कोई अलर्ट जारी नहीं किया गया था.