रायपुर में फिर बदला मौसम का मिजाज, सुबह से छाए बादल, आईएमडी ने जताई बारिश की संभावना

रायपुर : राजधानी रायपुर सहित छत्‍तीसगढ़ में मौसम का मिजाज बदल गया है। पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से रायपुर सहित अन्‍य जिलों में सुबह से बादल छाए हुए हैं। मौसम विभाग ने गुरुवार को रायपुर, बिलासपुर और दुर्ग संभाग में हल्‍की बारिश की संभावना जताई है। हालांकि अगले चार दिनों में अधिकतम व न्यूनतम तापमान में विशेष बदलाव की संभावना नहीं है। साथ ही रायपुर सहित पूरे छत्‍तीसगढ़ में मौसम शुष्क रहेगा।

बुधवार को रायपुर का न्यूनतम तापमान 17.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से दो डिग्री ज्यादा है। हालांकि प्रदेश भर में अंबिकापुर सबसे ठंडा रहा, यहां का न्यूनतम तापमान 9.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। बुधवार सुबह से ही रायपुर सहित प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में मौसम शुष्क रहा। कुछ क्षेत्रों में आंशिक रूप से बादल भी छाए रहे। न्यूनतम तापमान में हुई बढ़ोतरी के चलते इन दिनों ठंड भी थोड़ी कम हुई है। हालांकि सुबह सुबह व रात के वक्त ठंड बनी हुई है और ग्रामीण तथा आउटर क्षेत्रों में भी ठंड ज्यादा है।

मौसम विज्ञानियों का कहना है कि रविवार के बाद से मौसम का मिजाज फिर से थोड़ा बदलेगा और ठंड में बढ़ोतरी के आसार है। मौसम विज्ञानी एचपी चंद्रा ने बताया कि एक पश्चिमी विक्षोभ द्रोणिका के रूप में बांग्लादेश से उत्तर ओडिशा तक 0.9 किमी ऊंचाई तक विस्तारित है। साथ ही बंगाल की खाड़ी से नमी युक्त हवाओं के कारण उत्तर छत्तीसगढ़ में आंशिक रूप से बादल छाए है। इसके प्रभाव से ही एक व दो फरवरी को प्रदेश के कुछ क्षेत्रों में हल्की वर्षा के आसार है|

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

This will close in 20 seconds