भाजपा प्रत्याशियों की लिस्ट का इंतजार, 100 से ज्यादा नाम हो सकते हैं शामिल

नई दिल्ली। लोकसभा चुनाव के लिए भाजपा प्रत्याशियों की लिस्ट किसी भी वक्त जारी की जा सकती है। दिल्ली में हुई केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक में नाम तय कर लिए गए हैं और बस ऐलान शेष है।

जानकारी के मुताबिक, भाजपा की पहली लिस्ट में पार्टी का फोकस उन सीटों पर हो सकता है, जहां पिछली बार हार मिली थी। इसके अलावा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमित शाह जैसे शीर्ष नेताओं के नाम भी पहली लिस्ट में हो सकते हैं।

भूपेंद्र यादव, धर्मेंद्र प्रधान और मनसुख मांडविया समेत कई केंद्रीय मंत्रियों को पार्टी आम चुनाव में उतार सकती है। हालिया राज्यसभा चुनाव में पार्टी ने इन्हें संसद के उच्च सदन का प्रत्याशी नहीं बनाया था।

भाजपा प्रत्याशियों की सूची अक्सर इसलिए खास होती है क्योंकि पार्टी नए चेहरों को मौका देती है, लिहाजा सभी की निगाहें सूची पर हैं कि पार्टी जाने-माने चेहरों का टिकट काटकर प्रत्याशियों के चयन में कुछ नए प्रयोग करती है या नहीं।

पीएम मोदी की अध्यक्षता में हुए सीईसी की बैठक

इससे पहले गुरुवार रात प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आगामी लोकसभा चुनाव के लिए उम्मीदवारों की पहली सूची को अंतिम रूप देने के लिए भाजपा की केन्द्रीय चुनाव समिति (सीईसी) की अध्यक्षता की।

बैठक में बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, केंद्रीय मंत्री अमित शाह और राजनाथ सिंह जैसे नेता शामिल हुए।

साथ ही उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री देवेन्द्र फडणवीस, गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेन्द्र पटेल, मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव, छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साई, उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत सहित राज्यों के पार्टी प्रमुख नेता भी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

This will close in 20 seconds