शराब घोटाले में बड़ा एक्शन: दिल्ली से गिरफ्तार हुए विजय भाटिया, एक दिन की न्यायिक रिमांड पर भेजा गया जेल

रायपुर। छत्तीसगढ़ के बहुचर्चित शराब घोटाले में फरार चल रहे मुख्य आरोपी विजय भाटिया को आखिरकार ईओडब्ल्यू (आर्थिक अपराध अन्वेषण शाखा) ने दिल्ली से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद शनिवार को विजय भाटिया को रायपुर न्यायालय में पेश किया गया, जहां कोर्ट ने उन्हें एक दिन की न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया।

सूत्रों के मुताबिक, ईओडब्ल्यू ने भाटिया की 14 दिन की पुलिस रिमांड मांगी थी, लेकिन फिलहाल सामान्य कोर्ट में विशेष अधिकार न होने के कारण उसे एक दिन की रिमांड पर जेल भेजा गया है। सोमवार को मामले को विशेष ईओडब्ल्यू/एसीबी कोर्ट में पेश कर रिमांड बढ़ाने की मांग की जाएगी।

बताया जा रहा है कि विजय भाटिया विदेशी शराब निर्माता कंपनियों और सप्लायर्स से कमीशन की उगाही कर अवैध रूप से करोड़ों का लाभ कमाने के साथ-साथ शासन को भारी आर्थिक नुकसान पहुंचाने के आरोपों में मुख्य भूमिका निभा रहा था।

गिरफ्तारी के साथ ही ईओडब्ल्यू ने शनिवार को भिलाई और दुर्ग में भाटिया के निवास, फर्मों और उससे जुड़े सहयोगियों के कुल 8 ठिकानों पर छापेमारी की। इस कार्रवाई में कई अहम दस्तावेज और सबूत जब्त किए गए हैं। मामले की जांच अभी जारी है और आगे और बड़े खुलासे होने की संभावना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

This will close in 20 seconds