यूपीएससी चयनितों से सीखेंगे सफलता के सूत्र, रायगढ़ में 2 जून को कैरियर काउंसलिंग सेमिनार

वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी रहेंगे मुख्य अतिथि, मेधावी छात्रों और उत्कृष्ट स्कूलों को भी किया जाएगा सम्मानित

रायगढ़, 1 जून 2025। रायगढ़ जिले के प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए एक सुनहरा अवसर सामने आया है। जिले में 2 जून 2025 को दोपहर 12 बजे से नगर निगम ऑडिटोरियम, पंजरी प्लांट में एक विशेष कैरियर काउंसलिंग कार्यशाला का आयोजन किया जा रहा है। इस सेमिनार में वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे और प्रतिभागियों को प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता के टिप्स साझा करेंगे।

छत्तीसगढ़ के यूपीएससी चयनित प्रतिभागी भी होंगे शामिल

इस कार्यशाला की विशेष बात यह है कि इसमें यूपीएससी 2024-25 में चयनित छत्तीसगढ़ के 10 प्रतिभागी भी मौजूद रहेंगे, जो छात्रों से अपने अनुभव साझा करेंगे। ये युवा अपने संघर्ष, रणनीति और प्रेरणादायक यात्रा के जरिए प्रतिभागियों को दिशा देने का कार्य करेंगे। शामिल होने वाले चयनितों में ये नाम प्रमुख हैं:

  • पूर्वा अग्रवाल (रैंक 65), रायपुर
  • अंकित धवानी (रैंक 273), राजिम
  • अपर्ण घोष (रैंक 313), मुंगेली
  • मानषी जैन (रैंक 444), जगदलपुर
  • केशव गर्ग (रैंक 496), अंबिकापुर
  • सची जायसवाल (रैंक 654), अंबिकापुर
  • आर्यमन, राजू, शशांक और टेशुकान्त भी रहेंगे उपस्थित

इन सभी प्रतिभागियों को जिला प्रशासन रायगढ़ द्वारा सम्मानित भी किया जाएगा।

मिशन उत्कर्ष के तहत प्रेरणादायी पहल

जिले में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए ‘मिशन उत्कर्ष – छू लो आसमान’ नामक अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के अंतर्गत इस कार्यशाला का आयोजन किया गया है, जिसका उद्देश्य छात्रों को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में मार्गदर्शन और प्रेरणा देना है।

90% से अधिक अंक लाने वाले छात्र और उत्कृष्ट स्कूलों को मिलेगा सम्मान

कार्यशाला के दौरान 2025 की बोर्ड परीक्षाओं में 90 प्रतिशत से अधिक अंक लाने वाले कक्षा 10वीं और 12वीं के छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया जाएगा। इसके साथ ही, शत-प्रतिशत परीक्षा परिणाम देने वाले सभी स्कूलों के संस्था प्रमुख (प्राचार्य) को भी मंच से सम्मान प्रदान किया जाएगा।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

This will close in 20 seconds