VIDEO : गुजरात में प्रियंका गांधी ने पीएम मोदी पर किया पलटवार, कहा “मोदी खुद शहंशाह, मेरे भाई को बोलते है शहजादा”

लाखणी  : कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने शनिवार को गुजरात के बनासकांठा के लाखणी में जनसभा को संबोधित किया। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को उन बयानों के लिए आड़े हाथों लिया, जिसमें वह राहुल गांधी को कांग्रेस का ‘शहजादा’ कहकर संबोधित करते हैं। प्रियंका ने कहा कि वे मेरे भाई को शहजादा कहते हैं। जबकि मोदी खुद शहंशाह बनकर महलों में बैठे हैं।

कश्मीर से कन्याकुमारी तक पैदल चले मेरे भाई

प्रियंका गांधी ने कहा कि यही शहजादा (राहुल गांधी) 4 हजार किमी पैदल चला। कन्याकुमारी से कश्मीर तक, देश की बहनों, किसानों, मजदूरों की समस्याएं जानने के लिए पैदल चला। और दूसरी ओर, आपके ‘शहंशाह’ (सम्राट) नरेंद्र मोदी हैं। वह महलों में रहते हैं। क्या आपने उन्हें टीवी पर देखा है? उनका चेहरा साफ है, उनका सफेद कुर्ता हमेशा बिना किसी दाग के बेदाग रहता है। उनका चेहरा देखिए। बिलकुल साफ। साफ सुथरे कपड़े और एक बाल तक ईधर से उधर नहीं होता। जो महलों में रहता है और आम आदमी की दुर्दशा, आपकी मजदूरी, आपके खेतों को कभी नहीं समझ सकता। वह कैसे समझेगा कि पेट्रोल और डीजल कितना महंगा है या खेती कितनी महंगी है?

मोदी से डरता है हर कोई

प्रियंका गांधी ने कहा कि हर चीज पर जीएसटी लगा दिया गया है, हर चीज महंगी हो गई है। यह सब मोदी जी को समझ नहीं आएगा, वह अपने महल में बंद हैं। वह सत्ता से घिरे हुए हैं, हर कोई उनसे डरता है। कोई उन्हें कुछ नहीं कहता है। और अगर कोई भी आवाज उठाता है, उसे दबाने की कोशिश की जा रही है।

प्रियंका गांधी की यह टिप्पणी प्रधानमंत्री द्वारा झारखंड के पलामू में एक चुनावी रैली में राहुल गांधी पर ताजा कटाक्ष के कुछ ही घंटों बाद आई है। पीएम मोदी ने कहा कि सर्जिकल स्ट्राइक से बौखलाए पाकिस्तानी नेता ‘शहजादा’ के अगले प्रधानमंत्री बनने की दुआ कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

This will close in 20 seconds