VIDEO : उत्तराखंड व हिमाचल में बादल फटने से तबाही, मुंबई में भारी बारिश का अलर्ट

नई दिल्ली : महाराष्ट्र के रायगढ़ जिले में दर्दनाक हादसा हो गया है। यहां खालापुर तहसील के इरशालवाड़ी गांव में भूस्खलन के कारण 22 लोगों की मौत हो चुकी है और कई लोग घायल हो चुके हैं। NDRF टीम द्वारा बचाव अभियान अभी भी जारी है। NDRF टीम डॉग स्क्वाड के साथ घटनास्थल पर पहुंच चुकी है।

गौरतलब है कि मुंबई सहित आसपास के कई इलाकों में यहां भारी बारिश हो रही है। मौसम विभाग ने राजधानी मुंबई सहित आसपास के जिलों में अलर्ट जारी किया गया है। नवी मुंबई में भारी बारिश के कारण कई स्थानों पर जलभराव की स्थिति निर्मित हो गई है और इस कारण यातायात प्रभावित हुआ है।

छत्तीसगढ़ में भी भारी बारिश की चेतावनी

भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने अगले 24 घंटों में विदर्भ और छत्तीसगढ़ में भारी बारिश की चेतावनी देते हुए रेड अलर्ट जारी किया है।  महाराष्ट्र: नवी मुंबई के कई हिस्सों में तेज बारिश के बाद सड़कों पर जलभराव देखने को मिला।

पहाड़ों पर मौसम खराब

उत्तर भारत की बात की जाए तो पहाड़ों में भी लगातार मौसम खराब हो रहा है। उत्तराखंड और हिमाचल में शुक्रवार को 4 स्थानों पर बादल फटने के कारण संपत्ति को काफी ज्यादा नुकसान पहुंचा है। हिमाचल में 3 स्थानों पर बादल फटने की खबर थी, वहीं उत्तराखंड में पौड़ी के थलीसैंण में बादल फटने से आए मलबे की चपेट में आकर गौशाला और 8 छोटी पुलिया बह गई।

उत्तराखंड में फंसे यात्री

उत्तराखंड में भारी बारिश  के कारण भूस्खलन के बाद यात्रियों की परेशानी बढ़ गई है। यमुनोत्री और बद्रीनाथ मार्ग कई घंटे बंद रहा। मिली जानकारी के मुताबिक फिलहाल यमुनोत्री में 200 से ज्यादा तीर्थ यात्री अलग-अलग स्थानों पर फंसे हुए हैं। 200 से अधिक गांवों का संपर्क जिला मुख्यालय से कटा हुआ है। कटरा में माता वैष्णो देवी के महत्वपूर्ण बैटरी कार मार्ग पर तड़के फिर भूस्खलन हुआ। 40 से 50 फीट मार्ग क्षतिग्रस्त होने से इसे श्रद्धालुओं की आवाजाही के लिए बंद कर दिया गया है। मौसम विभाग ने 25 जुलाई तक मौसम के मिजाज इसी तरह बने रहने की संभावना जताई है।

मौसम विभाग के मुताबिक, देश के तटीय राज्यों में शनिवार को भी भारी बारिश देखने का मिल सकती है। ओडिशा, तेलंगाना, महाराष्ट्र और कर्नाटक के तटीय तटों पर अगले कुछ दिन भारी बारिश की आशंका जताई गई है। पहाड़ी राज्यों में बारिश को लेकर मौसम विभाग ने अलर्ट जारी किया है। तीर्थयात्रियों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

This will close in 20 seconds