VIDEO : 2024 के चुनाव की तैयारियों में जुटी कांग्रेस; खरगे-राहुल के साथ आंध्र प्रदेश के नेताओं की अहम बैठक

नई दिल्ली : कांग्रेस पार्टी 2024 के लोकसभा चुनाव की तैयारियों में जुट गई है। पार्टी कमर कस रही है, इसका अंदाजा नई दिल्ली में आयोजित बैठक से होता है। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और राहुल गांधी भी बैठक में मौजूद रहे। 2024 में होने वाले लोकसभा चुनाव से चंद महीने पहले आंध्र प्रदेश के कांग्रेस नेताओं की बैठक को अहम माना जा रहा है। चुनावी रणनीति पर चर्चा के लिए आंध्र प्रदेश कांग्रेस नेताओं के साथ बैठक में पार्टी महासचिव केसी वेणुगोपाल भी मौजूद रहे।

आंध्र से पहले पंजाब और बिहार के नेताओं से भी मुलाकात

इससे पहले मंगलवार को कांग्रेस अध्यक्ष खरगे और राहुल गांधी ने 2024 में चुनावी रणनीति को लेकर बिहार और पंजाब कांग्रेस के नेताओं के साथ भी बैठक की थी। इस बैठक में बिहार कांग्रेस प्रमुख अखिलेश प्रसाद सिंह और नवनियुक्त राज्य प्रभारी मोहन प्रकाश के साथ-साथ सांसद रंजीत रंजन और शकील अहमद सरीखे नेता शामिल हुए।

कांग्रेस सामाजिक न्याय के लिए प्रतिबद्ध

बिहार कांग्रेस के नेताओं के साथ बैठक के बाद पार्टी प्रमुख खरगे ने कहा कि कांग्रेस पार्टी बिहार की प्रगति, समृद्धि और शांति के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि पार्टी का हर कार्यकर्ता आम लोगों तक पहुंचने और लोगों की आकांक्षाओं पर खरा उतरने के लिए भी तैयार है। खरगे ने कहा कि बिहार में महागठबंधन सरकार बिहार की जनता की अपेक्षाओं के अनुरूप मजबूती से काम कर रही है। कांग्रेस सामाजिक न्याय के लिए प्रतिबद्ध है।

क्या आम चुनाव में दो प्रमुख गठबंधनों का टकराव?

बता दें कि 2024 का लोकसभा चुनाव अगले साल अप्रैल-मई में संभावित है। 28 विपक्षी दलों के गठबंधन- INDIA में शामिल कांग्रेस पार्टी, विपक्षी एकजुटता पर जोर दे रही है। माना जा रहा है कि इस बार इंडिया ब्लॉक के रूप में एकजुट विपक्ष और प्रधानमंत्री मोदी नीत राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) के बीच मुख्य राजनीतिक बाजी खेली जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

This will close in 20 seconds