शातिर लुटेरा गिरफ्तार : लिफ्ट देने के बहाने महिलाओ को बनाता था शिकार, पुलिस ने किया गिरफ्तार

बलौदाबाजार। बलौदाबाजार पुलिस ने एक शातिर अपराधी मनोज जोशी (41) को गिरफ्तार किया है, जिसने अकेली महिलाओं को लिफ्ट देकर लूटने की कई वारदातों को अंजाम दिया था। आरोपी ग्राम कुकराचुंदा का निवासी है और भिलाई के सेक्टर 6 ए मार्केट में किराए पर रहता था। पुलिस के अनुसार, वह सुहेला और हथबंद थाना क्षेत्रों में महिलाओं को निशाना बनाता था।
जानकारी के अनुसार, प्रार्थिया खेमेश्वरी वर्मा (50 वर्ष) ने 7 फरवरी 2026 को दोपहर 12 बजे हुई एक वारदात की शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि एक बाइक सवार आरोपी ने उन्हें लिफ्ट दी, और सुनसान इलाके ग्राम भटभेरा के पास नर्सरी के पास ले जाकर धमकाकर उनके सोने-चांदी के जेवर और नकदी लूट ली। आरोपी ने अपने चेहरे को स्कार्फ से ढका हुआ था।
जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि मनोज जोशी ने हथबंद क्षेत्र में भी इसी तरह तीन अन्य महिलाओं को लूटने की वारदातें की थीं। सभी मामलों में उसने अकेली महिलाओं को लिफ्ट देने के बहाने निशाना बनाया। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर सुहेला, हथबंद थाना और साइबर सेल की संयुक्त टीम गठित की गई। टीम ने सिमगा-हथबंद-सुहेला मार्ग पर लगे सैकड़ों सीसीटीवी फुटेज की गहन जांच की। तकनीकी विश्लेषण के आधार पर आरोपी की पहचान की गई और उसे हिरासत में लिया गया।
पूछताछ में उसने चारों वारदातों को अंजाम देने की बात स्वीकार की। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से लगभग डेढ़ लाख रुपए मूल्य के सोने-चांदी के जेवर, 78 हजार रुपए नकद, घटना में इस्तेमाल मोटरसाइकिल, तीन मोबाइल फोन और धमकाने में इस्तेमाल पेंचिस बरामद किया। कुल बरामदगी की कीमत लगभग तीन लाख रुपए बताई गई है।
जांच में सामने आया कि मनोज जोशी एक घुमक्कड़ प्रवृत्ति वाला अपराधी है। वह सुनसान इलाकों में बस या सवारी का इंतजार कर रही अकेली महिलाओं को अपना निशाना बनाता और धमकाकर उनके जेवरात और नकदी लूट लेता था। वारदात के समय उसका चेहरा स्कार्फ से ढका रहता था। इसके अलावा, यह भी पता चला कि घटना में इस्तेमाल की गई बाइक जिला दुर्ग से चोरी की गई थी।
आरोपी के खिलाफ दुर्ग जिले में चोरी के पांच मामले पहले से दर्ज हैं। बलौदाबाजार पुलिस ने आरोपी के खिलाफ सुहेला और हथबंद थाने में कुल चार मामले दर्ज कर गिरफ्तारी की है। उसे न्यायालय के समक्ष पेश करने की कार्रवाई की जा रही है।