थाना प्रभारी के तबादले के बाद हुई अनोखी विदाई, गुलाबों से कार को सजाया बैंडबाजे के साथ दी थाना प्रभारी को विदाई

राजनांदगांव: जिले के डोंगरगढ़ में थाना प्रभारी सुरेंद्र स्वर्णकार का विदाई समारोह पूरे प्रदेश में चर्चा का विषय बन गया है। उनका बिलासपुर ट्रांसफर होने पर उन्हें इस तरह से विदाई दी गई, जिस तरह का फेयरवेल बड़े-बड़े अधिकारियों को भी नहीं मिलता होगा। टीआई साहब ब्लैक गॉगल में कार की सन रूफ को हटाकर खड़े नजर आए।अपनी वर्दी और काले चश्मे में वे मुस्कुराते और हाथ हिलाते हुए नजर आए।

विदाई का वीडियो सोशल मीडिया पर  हो रहा वायरल

उनकी विदाई का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। टीआई सुरेंद्र स्वर्णकार की कार को पुलिसकर्मी घेरकर खड़े हैं, साथ ही कई पुलिस जवान भंगड़ा करते और नाचते-गाते भी नजर आए। ढोल-बाजे के साथ थाना प्रभारी का विदाई जुलूस निकाला गया, डोंगरगढ़ थाने में महज 10 महीने तक पदस्थ रहे थाना प्रभारी सुरेंद्र स्वर्णकार की विदाई समारोह को पुलिस स्टाफ और शहर के लोगों ने यादगार बना दिया। ग्रैंड विदाई में पुलिस जवानों ने टीआई की कार को दुल्हन की तरह सजाया और उसमें सवार टीआई कार की छत से बाहर आकर लोगों का अभिवादन स्वीकार करते रहे। ऐसा लग रहा था जैसे कोई जनप्रतिनिधि चुनाव जीतकर जनता का अभिवादन कर रहा हो।

टीआई के विदाई समारोह को देखने लोग भी सड़क पर रुक गए। कार के अगल-बगल और पीछे पुलिस के जवान पैदल चलते रहे। ऐसा नजारा पहली बार दिखा, जब किसी टीआई के तबादले पर इस तरह की विदाई दी गई हो। टीआई सुरेंद्र स्वर्णकार महज 10 महीने पहले ही डोंगरगढ़ थाने में पदस्थ हुए थे। इतने कम समय के कार्यकाल में उन्होंने अपनी कार्यशैली से अपने स्टाफ के दिलों में तो जगह बनाई ही, साथ ही शहर के लोगों में कार्य कुशलता और व्यक्तिगत व्यवहार से अपनी अमिट छाप छोड़ गए।

थाना प्रभारी सुरेंद्र स्वर्णकार का तबादला बिलासपुर के लिए हुआ है। तबादले से पहले उन्होंने थाना परिसर में भगवान शिव और हनुमान मंदिर निर्माण कराने का संकल्प लिया था, जिसे पूरा करने के बाद उन्होंने हनुमान जयंती पर प्राण-प्रतिष्ठा कराई। इसके बाद भंडारा भी करवाया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

This will close in 20 seconds