रायगढ़ : छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में चक्रधर समारोह देखने निकले 16 वर्षीय किशोर की रात में हत्या कर दी गई। सुबह रामभाठा के पुराने बस डिपो के पास खाली प्लॉट में उसका शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सिर पर गंभीर चोट के निशान मिलने के बाद पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की। गवाहो से पूछताछ, सीसीटीवी और अन्य वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर पुलिस उन युवकों तक पहुंची, जिन्हें मृतक के साथ आखिरी बार देखा गया था।
विवाद बढ़ने पर दोनों आरोपियों ने कर दी हत्या
पूछताछ में सामने आया कि एक लड़की को लेकर विवाद के बाद पहले किशोर का मोबाइल छीना गया और उससे 1,000 रुपये की मांग की गई। विवाद बढ़ने पर दोनो आरोपियों ने पत्थर से सिर पर कई बार कर उसकी हत्या कर दी। कोतवाली पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर मामले का खुलासा करते हुए दोनो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
चक्रधर समारोह देखने निकला था किशोर
पुलिस के मुताबिक, 14 सितंबर की रात करीब 9 बजे 16 वर्षीय किशोर चक्रधर समारोह देखने जाने की बात कहकर घर से निकला था। इसके बाद वह वापस घर नहीं लौटा। अगले दिन 15 सितंबर की सुबह कोतवाली पुलिस को कोसाबाड़ी के सामने पुराने बस डिपो, रामभाठा स्थित संजय बेरीवाल के खाली प्लॉट मे शव पड़े होने की सूचना मिली।
सिर पर मिले गंभीर चोट के निशान
सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारी, कोतवाली पुलिस की टीम और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए गए। मौके पर पहुंचे परिजनों ने शव की पहचान 16 वर्षीय किशोर के रूप में की शव के सिर पर चोट के निशान पाए गए थे। पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा और घटनास्थल से मिले साक्ष्यों के आधार पर अज्ञात आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 541/2026 धारा 103 (1) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया।
आखिरी बार साथ देखे गए युवकों से खुला राज
वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक अमित तिवारी के नेतृत्व में पुलिस ने संदिग्धों की पतासाजी शुरू की। गवाहों से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने मृतक के साथ आखिरी बार देखे गए युवको को हिरासत में लेकर अलग-अलग पूछताछ की। जांच के दौरान मृतक के साथ बैकुंठपुर निवासी 20 वर्षीय शिवम बरेठ और 23 वर्षीय शिवम बानी के साथ विवाद की जानकारी सामने आई। दोनो को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। शुरुआती पूछताछ में दोनों ने घटना से इनकार किया. लेकिन पुलिस को वैज्ञानिक तरीके से की गई पूछताछ और उपलब्ध साक्ष्यों के सामने दोनों टूट गए और हत्या की बात स्वीकार कर ली।
युवती को लेकर हुआ विवाद, पहले मोबाइल छीना फिर हत्या
पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि 14 सितंबर को दोनो रामलीला मैदान में चक्रधर समारोह देखने गए थे। वहां उन्होंने किशोर को एक परिचित लड़की के साथ देखा। पुलिस के मुताबिक, आरोपी शिवम बानी का उक्त युवती के प्रति एकतरफा लगाव था। इसी बात को लेकर शिवम बानी ने किशोर को रामलीला मैदान के पास बुलाया। इसके बाद शिवम बरेठ ने किशोर का मोबाइल अपने पास रख लिया और मोबाइल वापस करने के एवज में उससे 1,000 रुपये देने की मांग की।
घटना के बाद दोनों आरोपी हुए थे फरार
इसके बाद दोनो आरोपी किशोर को उसके मोबाइल के साथ पुराने बस डिपो की ओर ले गए। वहाँ दोनो ने उसे युवती से मिलने-जुलने से मना किया और डराया धमकाया। इसी दौरान विवाद बढ़ गया और दोनो ने पत्थर से किशोर के सिर पर कई वार कर दिए। गंभीर चोट लगने से उसकी मौत हो गई। घटना के बाद दोनो आरोपी मौके से फरार हो गए। पुलिस ने आरोपी शिवम बरेठ के कब्जे से मृतक का मोबाइल बरामद किया है। इसके अलावा आरोपियों के मेमोरेडम के आधार पर घटना के समय पहने गए रक्तरंजित कपड़े भी जब्त किए गए हैं।
दोनों आरोपी गिरफ्तार, कोर्ट में पेशी की तैयारी
पुलिस ने दोनो आरोपियों को घटनास्थल पर ले जाकर क्राइम सीन रिकंस्ट्रक्शन कराया और घटनाक्रम से जुड़े अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए है। पुलिस के अनुसार, आरोपी शिवम बरेठ की पूर्व मे भी मारपीट के मामले में संलिप्तता रही है और उसके खिलाफ थाना कोतवाली में पूर्व अपराध दर्ज है। दोनो आरोपियों को हत्या के अपराध में गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया जा रहा है, जहां से उन्हें रिमांड पर भेजे जाने की कार्रवाई की जा रही है।
एसएसपी ने दिया सख्त संदेश
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि कानून को अपने हाथ में लेने और हिंसा का सहारा लेने वालों के विरुद्ध रायगढ़ पुलिस की कार्रवाई सख्त और प्रभावी रहेगी। हत्या जैसे गंभीर अपराधों मे त्वरित विवेचना, साक्ष्य संकलन और आरोपियों की गिरफ्तारी पुलिस की प्राथमिकता है। कार्रवाई एसएसपी शशिमोहन सिंह के दिशा-निर्देशन, एडिशनल एसपी अनिल सोनी, सीएसपी मयंक मिश्रा के मार्गदर्शन तथा डीएसपी राहुल उईके के सुपरविजन में की गई।