रूस के काला सागर बेड़े के मुख्यालय पर यूक्रेनी मिसाइल हमला, गुस्से में पुतिन, जवाबी कार्रवाई का आदेश

सेवस्तोपोल : यूक्रेन ने रूस के काला सागर बेड़े के मुख्य मुख्यालय पर एक भीषण मिसाइल हमला किया। इस हमले में क्रीमिया के सेवस्तोपोल में स्थित रूसी नौसैनिक मुख्यालय की इमारत से धुएं का गुबार निकलते हुए देखा गया। सेवस्तोपोल के गवर्नर मिखाइल रज्वोझायेव ने कहा कि हमले में हताहत हुए लोगों के बारे में कोई जानकारी नहीं है। उन्होंने कहा कि फायर ब्रिगेड के कर्मचारी आग पर काबू पाने का प्रयास कर रहे हैं। रूसी समाचार एजेंसी तास ने बताया है कि नौसैनिक बेडे़ के मुख्यालय पर बड़ी संख्या में एम्बुलेंस पहुंच गई हैं। इधर, नौसैनिक बेड़े पर मिसाइल हमले की खबर से रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन गुस्से में हैं। क्रेमलिन में रूसी सैन्य अधिकारियों की आपातकालीन बैठक हुई है और यूक्रेन के खिलाफ जवाबी कार्रवाई पर चर्चा की गई है।

मुख्यालय में लगी आग, कोई हताहत नहीं

सेवस्तोपोल के गवर्नर रज्वोझायेव ने शुरू में निवासियों को चेतावनी दी थी कि एक और हमला होने की आशंका है और उनसे इमारतों को छोड़ने का आग्रह किया था। बाद में उन्होंने अपनी चेतावनी को वापस ले लिया। उन्होंने बाद में कहा कि काला सागर बेड़े मुख्यालय में आग बुझाने के प्रयास जारी हैं और वहां जनशक्ति और संसाधन पर्याप्त हैं। कृपया शांत रहें। स्थिति आपातकालीन सेवाओं के नियंत्रण में है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, बेड़े मुख्यालय के पास नागरिक बुनियादी ढांचे को कोई नुकसान नहीं पहुंचा है। जो लोग मिसाइल हमले के समय सड़क पर थे, वे भी घायल नहीं हुए हैं।

लोगों से तस्वीरें और वीडियो शेयर न करने को कहा

रूसी सरकारी मीडिया के अनुसार, वर्तमान में सेवस्तोपोल के कार्यवाहक डिप्टी गवर्नर येवगेनी गोरलोव, सार्वजनिक सुरक्षा विभाग के कार्यवाहक निदेशक एलेक्सी क्रास्नोकुटस्की और सेवस्तोपोल के लिए आपातकालीन स्थिति मंत्रालय के मुख्य निदेशालय के प्रमुख, मेजर जनरल एलेक्सी रोक्लिन घटनास्थल पर मौजूद हैं और अपने कर्तव्यों का पालन कर रहे हैं। रज्वोझायेव ने टेलीग्राम पर कहा कि दुश्मन ने बेड़े के मुख्यालय पर एक मिसाइल हमला किया। एक टुकड़ा लुनाचार्स्की थिएटर के पास गिरा… सभी अधिकारी घटनास्थल पर मौजूद हैं। पीड़ितों के बारे में जानकारी स्पष्ट की जा रही है। कृपया शांत रहें और तस्वीरें या वीडियो पोस्ट न करें।

क्रीमिया ब्रिज पर आवाजाही रोकी गई

बताया जा रहा है कि क्रीमिया प्रायद्वीप पर रूसी एयर डिफेंस सिस्टम सक्रिय हैं। क्रीमिया पुल पर वाहनों कीी आवाजाही अस्थायी रूप से निलंबित कर दी गई है। लोगों ने हमले के बाद शहर के बीचोंबीच से धुंआ उठते देखा। मिसाइल हमले के तुरंत बाद पूरे इलाके में हवाई हमले का सायरन बजाया गया। यह घटनाक्रम तब सामने आया जब रूसी रक्षा मंत्रालय ने कहा कि स्थानीय समयानुसार लगभग 10:30 बजे वायु रक्षा ने क्रीमिया के पश्चिमी तट पर एक यूक्रेनी गाइडेड मिसाइल और दो ड्रोन को नष्ट कर दिया। रक्षा मंत्रालय के अनुसार, 22 सितंबर को रात भर में दो ड्रोन भी मार गिराए गए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

This will close in 20 seconds