अलग-अलग हादसे में आठ माह के मासूम समेत दो की मौत, पांच घायल

कवर्धा : जिले में एक बार फिर सड़क हादसा हुआ है। रविवार को जिले में दो अलग-अलग सड़क दुर्घटना में दो लोगों की मौत हो गई। मृतक में 8 माह का बच्चा शामिल है। वहीं 5 लोग गंभीर रूप से घायल हैं, जिन्हे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। रविवार की सुबह मध्यप्रदेश से छत्तीसगढ़ आ रही कार कंटेनर से भिड़ गई। वहीं दूसरा हादसा पिपरिया थाना क्षेत्र का है, जहां मोटर साइकिल सवार सुखी राम की मौत हुई है। यह हादसा चिल्फी थाना क्षेत्र के ग्राम राजाढार के पास हुआ है।

चिल्फी थाना से मिली जानकारी अनुसार रविवार की सुबह करीब 11 बजे कार व कंटेनर में आमने-सामने से टक्कर हो गई जिसमें एक बच्चे की मौत हो गई वहीं 5 लोग घायल हुए हैं। कार में बैठे लोग मंडला से भिलाई की ओर आ रहे थे। वहीं कंटेनर जबलपुर की ओर जा रहा था। इसी दौरान यह हादसा हुआ है। इस हादसे में रुदवेग पिता निखिल कुशवाहा (8) निवासी सुभाष वार्ड, मंडला (एमपी) की मौत हो गई।

घायलों में स्नेहलता पति राजू टीकम (50) निवासी गीदम जिला दंतेवाड़ा, दीपिका कुशवाहा पति निखिल (28), निखिल कुशवाहा पिता हरिशंकर (32), आस्था कुशवाहा पिता हरिशंकर (26) निवासी सुभाष वार्ड मंडला (एमपी), तरुणा हरदहा पिता रवि हरदहा 20 वर्ष निवासी बम्हनी बंजर जिला मंडला (एमपी) शामिल हैं।

चिल्फी से 7 किमी दूर है घटनास्थल

हादसे के बाद मौके पर डायल 112 व चिल्फी थाना पुलिस पहुंची हुई थी। घायलों को बोड़ला के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इसके बाद कई लोगों को रेफर किया गया है। यह घटना स्थल ग्राम चिल्फी से करीब 7 किमी राजाढार के पास एनएच-30 रायपुर-जबलपुर मार्ग का है। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ लग गई। इस मामले में पुलिस ने जांच शुरू कर दिया है। बताया जा रहा है कि घटना स्थल पर मोड है। इस कारण यहां आए दिन हादसे हो रहे है।

युवक की मौके पर मौत

इधर दूसरे सड़क हादसे में तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगे रेलिंग से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक सवार की मौके पर ही मौत हो गई। ये घटना पिपरिया थाना क्षेत्र के ग्राम इंदौरी के आगे छोटे रगरा मोड़ के पास हुई है। घटना की सूचना पर पिपरिया पुलिस की टीम पहुंचकर जांच में जुट गई है। मृतक का नाम सुखी राम बताया जा रहा है। इस घटना के बाद मौके पर पिपरिया पुलिस पहुंची हुई थी। मृतक के सिर पर गंभीर चोट लगी थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

This will close in 20 seconds