शिवनाथ नदी में डूबने से दो इंजीनियरिंग छात्रों की मौत, एक साथी को बचाने के चक्‍कर में दूसरा भी डूबा

दुर्ग/भिलाई : दुर्ग में शिवनाथ नदी में महमरा एनीकट के पास मंगलवार को दो छात्रों की डूबने से मौत हो गई। घटना के समय दोनों नहाने के लिए उतरे थे। इस दौरान ही एक युवक गहरे में चला गया। उसे बचाने के फेर में दूसरा युवक भी डूब गया। उनके साथ गए दोस्तों ने मदद की पुकार लगाई। आसपास मौजूद लोगों ने गोताखोरों की मदद से दोनों छात्रों की तलाश शुरू की।

चार घंटे की मशक्कत के बाद निकाला गया दोनों छात्रों का शव

करीब चार घंटे की मशक्कत के बाद दोनों छात्रों का शव निकाला जा सका। मृतक में हर्षित सुपेला एवं सुनील साहू महासमुंद का निवासी था। पुलिस मर्ग कायम कर मामले की जांच कर रही है। बताया जा रहा है कि दोनों इंजीनियरिंग कालेज के छात्र थे। हालांकि पुलिस ने इसकी पुष्टि नहीं की है।

पुलगांव थाना प्रभारी प्रदीप सोरी ने बताया के मंगलवार की दोपहर पौने तीन बजे के करीब आठ युवक शिवनाथ नदी के महमरा एनीकट आए थे। इस दौरान वे नहाने के लिए एनीकट में उतरे। बताया जाता है कि सुपेला शांति नगर निवासी हर्षित भारशंकर पिता सुनील कुमार भारशंकर (21) का पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में चला गया।

उसने बचाव के लिए पुकार लगाई। इसका दोस्त सुनील साहू उसे बचाने के लिए आगे गया परंतु वह भी असंतुलित हो गया और गहरे पानी में चला गया। सुनील पिता संतोष साहू महासमुंद श्रीराम कालोनी का निवासी था। बारिश की वजह से एनीकट में पानी लबालब है।

घटना के समय दोनों युवकों के दोस्ताें ने आसपास मौजूद लोगों को पुकारा। एनीकट पर मौजूद लोगों ने पुलिस को सूचना दी। इसके बाद गोताखोर की टीम मौके पर पहुंची और दोनों छात्रों की तलाश शुरू की। करीब चार घंटे की मशक्कत के बाद दोनों के शव को बरामद किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

This will close in 20 seconds