रायगढ़ जिंदल स्टील प्लांट में हादसा: कर्मचारी की मौत, ट्रेड यूनियन ने की 50 लाख मुआवजे की मांग

रायगढ़। जिंदल स्टील प्लांट में देर रात हुए दर्दनाक हादसे में एक कर्मचारी की मौत हो गई। मृतक की पहचान उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ निवासी विजय बहादुर के रूप में हुई है। हादसे के बाद से संयंत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह हादसा ब्लास्ट फर्नेस-01 में अत्यधिक गर्मी (हिट) के कारण हुआ। हादसा रात 2 से 3 बजे के बीच घटित हुआ, जिसके बाद घायल कर्मचारी को तत्काल जिंदल फर्स्टिस हॉस्पिटल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप

घटना के बाद ट्रेड यूनियनों ने संयंत्र प्रबंधन पर गंभीर आरोप लगाए हैं। भारतीय जनता मजदूर ट्रेड यूनियन काउंसिल के जिला अध्यक्ष पिंटू सिंह ने कहा कि, “ऐसी घटनाएं पहले भी हो चुकी हैं, लेकिन प्रबंधन ने कोई ठोस सबक नहीं लिया। सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम न होने के कारण एक और मजदूर की जान चली गई।”

मुआवजे की मांग

पिंटू सिंह और अन्य यूनियन पदाधिकारियों ने संयंत्र प्रबंधन से 50 लाख रुपए मुआवजा, मृतक के परिजनों को स्थायी नौकरी और उनके लिए आवास एवं अन्य सुविधाएं देने की मांग की है।

सवालों के घेरे में प्लांट की सुरक्षा व्यवस्था

यह हादसा एक बार फिर जिंदल स्टील प्लांट की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े करता है। कर्मचारियों की मानें तो प्लांट में काम के दौरान सुरक्षा मानकों का पालन ठीक से नहीं किया जाता, जिससे ऐसी दुर्घटनाएं होती हैं।

फिलहाल संयंत्र प्रबंधन की ओर से इस घटना पर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button