आपके सिम कार्ड या नेटवर्क में दिक्कत है और यह नंबर डायल करने को बोला जा रहा है, संभल जाइए नहीं तो ठगी…

नई दिल्ली: ऐसा काफी लोगों के साथ हो रहा है। किसी ग्राहक के मोबाइल सिम कार्ड या नेटवर्क के दिक्कत होती है। उसे किसी अनजान नंबर से फोन आता है। वह आपकी समस्या को दूर करने का आश्वासन देता है। आपको एक नंबर डायल करने को कहा जाता है जिसकी शुरुआत *401# कोड से होती है। तो फिर सावधान हो जाइए। आप ठगों के चंगुल में आने वाले हैं। इस बारे में केंद्र सरकार (Central Government) के तहत काम करने वाले डिपार्टमेंट ऑफ टेलीकॉम (DOT) ने चेतावनी जारी की है।

वे टेलीकॉम कंपनी के कर्मचारी नहीं ठग हैं

डीओटी ने लोगों को आगाह करते हुए कहा है कि जो खुद को टेलीकॉम कंपनियों का तकनीकी कर्मचारी बताते हैं और फोन यूजर्स से किसी समस्या को ठीक करने के लिए *401# डायल करने और उसके बाद एक मोबाइल नंबर डायल करने के लिए कहते हैं, वे ठग हैं। ये जालसाज ग्राहकों को फोन करके कहते हैं कि ग्राहक के सिम कार्ड में कोई समस्या है या नेटवर्क या सेवा की गुणवत्ता से संबंधित कुछ समस्या है और समस्या को ठीक करने के लिए उन्हें एक विशिष्ट कोड डायल करना होगा। यह कोड आमतौर पर *401# से शुरू होता है और उसके बाद एक मोबाइल नंबर आता है।

कैसे चलता है ठगी का नेटवर्क

फर्ज कीजिए कि आपने *401# कोड वाले नंबर पर डायल किया। जैसे ही आप वह नंबर डायल करते हैं, तो आपके मोबाइल नंबर पर बिना शर्त कॉल फ़ॉरवर्डिंग की सुविधा सक्रिय हो जाती है। इसके बाद आपके नंबर पर आने वाली सभी कॉल और एसएमएस आदि धोखेबाज के मोबाइल नंबर पर भेज दी जाती हैं। इसके बाद जालसाज सभी इनकमिंग कॉल प्राप्त करता है और बैंक खाता नंबर और पासवर्ड जैसी महत्वपूर्ण जानकारी प्राप्त कर सकता है, जिसका उपयोग धोखाधड़ी के लिए किया जा सकता है।

डिपार्टमेंट ऑफ टेलीकॉम ने क्या दी है सलाह

डीओटी ने सलाह दी है कि सभी सब्सक्राइबर्स को कॉल फॉरवर्डिंग के लिए अपने मोबाइल फोन की सेटिंग्स की जांच करनी चाहिए। यदि आपके मोबाइल फोन पर यह सुविधा सक्रिय है तो उसे तत्काल निष्क्रिय कर दें। विभाग का कहना है कि यह सुविधा तो जरूरत मंद के लिए है और इसका उपयोग तभी किया जाना चाहिए जबकि आपको इसकी जरूरत हो।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

This will close in 20 seconds