रायपुर में पदस्थ महिला एएसआई के घर लाखों की चोरी, अज्ञात लोगों ने दिया वारदात को अंजाम

दुर्ग  : जिले में चोरों का आतंक इतना बढ़ गया है कि पुलिस अधिकारियों के घर तक सुरक्षित नहीं है। पुलिस विभाग रायपुर में पदस्थ एएसआई प्रीति जायसवाल के दुर्ग स्थित घर में चोरों ने लाखों की चोरी की है। पुलिस को एक सीसीटीवी फुटेज मिला है, जिसमें कुछ संदिग्ध एएसआई के घर में घुसते हुए दिखाई दे रहे हैं। मोहन नगर पुलिस मामले की जांच कर रही है।

मोहन नगर पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक प्रीति जायसवाल पूर्व में सीआईडी में पदस्थ थी। वर्तमान में वो रायपुर में पुलिस विभाग में एएसआई के पद पर कार्यरत है। उसका घर सूर्य नगर सिकोला भाठा दुर्ग में है। वो रोजाना यहां से रायपुर अप डाउन करती है। प्रीति जायसवाल ने पुलिस को बताया कि वो बीते 7 जून को रायपुर ड्यूटी के लिए गई थी। ड्यूटी से रात 8 बजे वापस लौटी तो देखा कि उसके घर के सामने का दरवाजा खुला हुआ है। मुख्य गेट का ताला टूटा पड़ा था। अंदर जाकर देखा तो पूरा सामान बिखरा पड़ा था। प्रीति ने जब घर का सामान चेक किया तो आलमारी में रखे सोने चांदी के जेवरात और नगदी रकम गायब थी। मोहन नगर पुलिस को सीसीटीवी फुटेज में एक चोर घर के अंदर जाता दिखाई दे रहा है। पुलिस उसकी पहचान करने में जुट गई है।

लाखों का सामान हुआ चोरी

पुलिस के मुताबिक चोरों ने महिला एएसआई के घर से एक सोने की अंगूठी, पांच इयर रिंग्स, पांच सोने की फुल्ली, एक सोने की चेन, तीन चांदी की पायजेब, एक पायल, एक करधन, दो चांदी की गणेश प्रतिमा, एक हाथ घड़ी और 75 हजार रुपए नगद पार किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

This will close in 20 seconds