शादी के कार्यक्रम में गया था पूरा परिवार, घर से 12 लाख रुपये के गहने समेत नगद चोरी

कवर्धा : शहर में फिर से बड़ी चोरी की वारदात सामने आई है। पुलिस अधीक्षक डा.लाल उमेद सिंह ने बताया कि शादी के कार्यक्रम में गए परिवार के घर से 12 लाख रुपये के गहने समेत नगद की चोरी हुई है। इस मामले में कोतवाली थाना में अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच शुरू हो गई है। यह मामला कवर्धा शहर के कचहरी पारा का है, जहां एक ही परिवार के चारों भाई संयुक्त रूप से एक ही घर में रहते है। जहां चोरों ने चारों भाईयों के कमरे में घुसकर वारदात को अंजाम दिया है।

आलमारी का ताला तोड़कर निकाले गहने

जानकारी के अनुसार सोमवार-मंगलवार की दरमियानी रात मकान में घुसकर चोर ने आलमारी का ताला तोड़कर गहने निकाल लिए। कोतवाली थाना से मिली जानकारी अनुसार यह चोरी की घटना चन्द्रवंशी परिवार के घर में हुई है। इनके परिवार के लोग शादी के कार्यक्रम में शहर के दूसरी जगह में थे। घर में कोई नहीं था। इसी बीच घर में चोर ने धावा बोल दिया। जब सुबह घर में परिवार के लोग पहुंचे तो पूरी वारदात के बारे में जानकारी हुई। घर का ताला टूटा हुआ था। साथ ही अलमारी से महंगे गहने नहीं थे। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पुलिस की टीम ने जांच शुरू की। वहीं घटना के बाद वार्ड के लोग भी डरे हुए है, क्योंकि इतनी बड़ी चोरी आसपास में कभी भी नहीं हुई है। चोरी किए गए गहने समेत अन्य की जानकारी पीड़ित पक्ष से लिया गया।

घर छोड़कर दूसरे जगह शादी कार्यक्रम करना भी खतरा

अब घर छोड़कर दूसरे जगह शादी कार्यक्रम करना भी खतरा हो गया। दरअसल, जिस घर में चोरी हुई है, वहां के सदस्य का शादी शहर के एक बड़े निजी होटल में हो रहा था। सभी लोग इसी होटल में थे। पुलिस को शंका है कि चोर को इसी बात की जानकारी हो गई होगी और फिर चोरी की वारदात को अंजाम दिया गया है। हालांकि पुलिस द्वारा सभी एंगल को लेकर जांच किया जा रहा है। घर के आसपास रहने वाले लोगों से भी जानकारी ली जा रही है।

पुलिस की जांच शुरू, सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे

इस बड़े चोरी की घटना के बाद पुलिस की जांच शुरू हो गई है। घर के आसपास व क्षेत्र के लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे। इसके अलावा पूर्व में इस तरह की वारदात में शामिल अपराधियों से भी पुलिस पूछताछ कर सकती है। हालांकि अभी भी पुलिस को सीसीटीवी फुटेज में कोई खास जानकारी निकल कर सामने नहीं आई है। पुलिस का कहना है कि फिलहाल एफआइआर दर्ज कर विवेचना शुरू किया जा रहा है। जल्द ही आरोपित पकड़े जाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

This will close in 20 seconds