मकान बनवाने के लिए शिक्षक ने लिया था कर्ज, भांजा ले भागा लोन की रकम

गौरेला-पेंड्रा-मरवाही : जिले में एक शिक्षक को उसके भांजे ने ही ठग लिया। शिक्षक ने मकान बनवाने के लिए बैंक से कर्ज लिया था। भांजा घर आया और उसे पता चला तो उसने यूपीआई के जरिए मामा के खाते से आठ लाख रुपये से ज्यादा उड़ा दिए। मामा को जब इसकी जानकारी हुई तो उन्होंने रकम वापस मांगी। जब रुपये नहीं मिले तो उन्होंने पुलिस में शिकायत दर्ज करा दी। इसके बाद से भांजा घर से भाग चुका है। फिलहाल पुलिस उसे तलाश रही है।
सारबहरा कुर्री पारा के रहने वाले हेमंत कुमार तिवारी सरकारी स्कूल में सहायक शिक्षक हैं। उन्होंने अपने भांजे अनुराग मिश्रा के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। इसमें कहा है कि, जनवरी 2023 में उन्होंने घर बनवाने के लिए बैंक से 10,57,000 रुपये का लोन लिया था। इसी बीच भांजा अनुराग भी घर रहने के लिए आया। उसे बैंक से स्वीकृत लोन और खाते में पड़ी रकम की जानकारी थी। आरोप है कि अनुराग ने हेमंत के मोबाइल से जालसाजी करते हुए फर्जी यूपीआई आईडी बनाकर खाते से 8, 81, 730 रुपये निकाल लिए।
इसकी जानकारी जब शिक्षक को लगी तो उन्होंने अनुराग से रुपये वापस करने के लिए कहा। काफी कोशिश के बाद भी जब रुपये नहीं मिले तो उन्होंने थाने में अनुराग के खिलाफ मामला दर्ज करा दिया। बताया जा रहा है कि एफआईआर दर्ज होने की जानकारी लगते ही अनुराग मिश्रा भाग निकला है। पुलिस ने बताया कि अनुराग मध्य प्रदेश के शहडोल में सोहगापुर का रहने वाला है। उसकी तलाश में वहां टीम भेजी जाएगी। मामले की जांच की जा रही है।