दोस्त से मिलने गये युवक की हत्या, पत्थर बांधकर कुएं में फेंका शव, खून के छीटों से हुआ खुलासा

अंबिकापुर : अंबिकापुर के थाना गांधीनगर क्षेत्र अंतर्गत ग्राम चिखलाडीह, नर्मदापुर में आपसी विवाद के बाद युवक की हत्या कर दी गई और उसके शव को पत्थर बांधकर कुएं में डाल दिया। मृतक अपने दोस्त से मिलने वहां गया था। सूचना पर पुलिस ने गुरूवार को घटनास्थल पहुंचकर जांच की तो घर में खून के छींटे मिले। युवक के शव को पास के एक कुंए से एसडीआरएफ की मदद से बरामद कर लिया गया है। युवक का शव सड़ने लगा था। मामले में संदिग्ध युवक की खोजबीन की जा रही है।

मिली जानकारी के अनुसार ग्राम चिखलाडीह, नर्मदापुर से पुलिस को सूचना मिली कि वहां एक घर में रहने वाले युवक का तीन-चार दिन पूर्व किसी से विवाद हुआ था और वहां से चीखने-चिल्लाने की आवाज आ रही थी। इसके बाद घर में रहने वाला युवक लापता है। सूचना बीती रात पुलिस को मिलने पर गांधीनगर पुलिस देर रात नर्मदापुर मौके पर पहुंची, लेकिन रात हो जाने के कारण पुलिस को कोई जानकारी नहीं मिल पाई। घर में दीवारों पर खून के छींटे देखकर पुलिस को मामला संदिग्ध लगा।

गुरूवार को सीएसपी स्मृतिक राजनला के नेतृत्व में गांधीनगर पुलिस नर्मदापुर पहुंची। उन्होंने उस मकान का निरीक्षण किया, जहां विवाद की सूचना मिली थी। घर की जांच में जमीन एवं दीवारों पर खून के छींटे मिले। घर में कोई भी मौजूद नहीं था। खून के छीटों को मिट्टी से पोताई कर छिपाने की कोशिश की गई थी।

पुलिस ने आसपास के इलाके में सर्चिंग शुरू की एवं पुलिस टीम एक कुएं के पास पहुंची। खेत में मौजूद उक्त कुएं में युवक का शव दिखा। पुलिस ने एसडीआरएफ टीम की मदद से युवक के शव को कुएं से निकाल लिया। मौके पर पहुंची फारेंसिक एक्सपर्ट की टीम ने भी जांच की। शव को पीएम के लिए भेज दिया गया। शव करीब चार दिन पूर्व का है और सड़ने लगा था। पुलिस ने आसपास के लोगों का बयान दर्ज किया है।

मृतक की हुई शिनाख्त, संदिग्ध फरार

सीएसपी स्मृतिक राजनाला ने बताया कि मृत युवक की शिनाख्त सुधीर साव पिता स्व. राजेंद्र साव (38) केनार, थाना वजीरगंज, जिला-गया,बिहार के रूप में हुई है। वह वर्तमान में बौरीपारा में रहकर कबाड़ का व्यवसाय करता था। चार दिन पूर्व देर शाम वह चिखलाडीह, नर्मदापुर में किराए के मकान में रहने वाले दोस्त से मिलने गया था।

दोनों में विवाद हुआ था, जिसे आसपास के लोगों ने सुना था। इसके बाद से किराए में रहने वाला युवक घर में नहीं था एवं घर ऐसे ही पड़ा था। इसके कारण मकान मालिक को अनहोनी का संदेह हुआ और उसने ही पुलिस को सूचना दी। मृतक का दोस्त फरार बताया गया है। पुलिस उसके बारे में जानकारी एकत्र कर उसकी तलाश कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

This will close in 20 seconds