गोदावरी फैक्ट्री हादसे के बाद श्रम विभाग का बड़ा एक्शन, बंद किया पैलेट प्लांट, 6 लोगों की गई थी जान

रायपुर :छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर स्थित गोदावरी पॉवर एंड इस्पात लिमिटेड फैक्ट्री में 26 सितंबर को बड़ा हादसा हो गया था. सिलतरा क्षेत्र स्थित इस फैक्ट्री में हादसा होने से 6 मजदूरों की मौत हो गई थी, जबकि 6 लोग घायल हो गए थे. इस हादसे के बाद अब औद्योगिक स्वास्थ्य एवं सुरक्षा, श्रम विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है. विभागीय जांच के दौरान फैक्ट्री में गंभीर लापरवाही सामने आने के बाद पैलेट प्लांट को बंद कर दिया गया है.

पैलेट प्लांट प्रतिबंधित

औद्योगिक स्वास्थ्य एवं सुरक्षा, श्रम विभाग द्वारा कड़ी कार्रवाई करते हुए सिलतरा, रायपुर स्थित गोदावरी पॉवर एंड इस्पात लिमिटेड के 1.8 एमटीपीए पैलेट प्लांट में विनिर्माण एवं मेंटेनेंस कार्यों को तत्काल प्रभाव से प्रतिबंधित कर दिया गया है. यह कार्रवाई कारखाना अधिनियम, 1948 के प्रावधानों के उल्लंघन तथा कारखाने में घटित गंभीर दुर्घटना के मद्देनर की गई.

कैसे हुआ हादसा?

विभागीय अधिकारियों ने 26 सितंबर 2025 को दुर्घटना की सूचना प्राप्त होते ही घटनास्थल पर पहुंचकर जांच प्रारंभ की. जांच में यह तथ्य सामने आया कि कारखाने के ट्रेवलिंग ग्रेट बिल्डिंग के फर्नेस चेम्बर पीएम-02 में कार्य के दौरान अचानक कांस्टेबल वॉल एवं एक्रेशन गिर जाने से 6 कर्मचारियों की मृत्यु हो गई और 6 अन्य घायल हो गए. सभी घायलों का इलाज श्री नारायणा हॉस्पिटल रायपुर में किया गया.

जांच के दौरान विभाग ने यह सुनिश्चित किया है कि जब तक कारखाना प्रबंधन सुरक्षा संबंधी सभी आवश्यक उपाय एवं व्यवस्थाएं पूर्ण नहीं कर लेगा, तब तक पैलेट प्लांट का संचालन बंद रखा जाएगा. कारखाना प्रबंधन को श्रमिकों के स्वास्थ्य, सुरक्षा एवं कल्याण संबंधी प्रावधानों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए गए हैं. घटना के बाद कारखाना प्रबंधन ने मृत श्रमिकों के आश्रितों को कुल 46 लाख रुपए की आर्थिक सहायता प्रदान की है. साथ ही प्रत्येक मृतक परिवार के एक सदस्य को योग्यतानुसार स्थायी रोजगार उपलब्ध कराने की बात कही है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

This will close in 20 seconds