खोद कर निकाली गई युवक की लाश, गोली मारकर हुई थी हत्या, जांच में जुटी फोरेंसिक टीम

गरियाबंद :  नक्सल प्रभावित इलाके में 4 दिन पहले एक कमार युवक की हत्या कर दी गई। वहीं आज उस मृतक युवक की हत्या का सुराग जुटाने फोरेंसिक टीम ने दोबारा कब्र की खुदाई करवाई है।वारदात का तरीका नक्सली जैसा नहीं लगने के कारण इस मामले को रंजिश एंगल से पुलिस जांच कर रही है। थाना प्रभारी चंदन मरकाम ने बताया की सूचना के बाद मौके पर पहुंच पंचनामा की कार्रवाई की गई थी। पीएम रिपोर्ट में सर में गोली लगने से मौत होने की पुष्टि के बाद अज्ञात आरोपित के खिलाफ नौ मई को धारा 302 के तहत मामला पंजीबद्ध कर विवेचना किया जा रहा है।

दरअसल, अमलीपदर थाना क्षेत्र के खरीपथरा पंचायत से 8 किमी दूरी पर हाड़ाखाल पारा जंगल में रह रहे कमार जनजाति के 40 वर्षीय बलमत सोरी के सर पर गोली मारकर 8 मई की दरम्यानी रात को हत्या कर दी गई थी।हत्या की रात बलमत की पत्नी अपने तीन बच्चों के अलावा मोहल्ले में रहने वाले 8 परिवार के ज्यादातर सदस्यों के साथ कूहीमाल में चल रहे नामजाप यज्ञ देखने गए हुए थे। मोहल्ले में कुछ पुरुष ही रह गए थे। सुबह जब परिवार घर लौटा तो घर के मुहाने पर लहूलुहान शव को देखकर परिजन चीख पड़े। वारदात की सूचना ग्राम सरपंच के माध्यम से अमलीपदर पुलिस को दी गई थी।

40 से ज्यादा लोगो से हुई पूछताछ, अब फोरेंसिक टीम की मदद

वारदात के तरीके से पुलिस ने शुरू से ही रंजिश एंगल से जांच शुरू किया। परिजनों के आशंका व पुराने विवाद से जुड़े लोग मिलाकर पिछले तीन दिनों में पुलिस ने 40 से ज्यादा लोगों से पूछताछ किया। पूछताछ में वारदात की रात गोली की आवाज सुनने व जमीन कब्जे से जुड़ी विवाद के अपुष्ट तथ्य सामने आए। एसडीओपी अनुज गुप्ता ने बताया की घटना से जुड़ी तकनीकी साक्ष्य व हत्यारों तक पहुंचने के लिए फोरेंसिक जांच की आवश्यकता थी। आज विधिवत जहां शव को गाड़ा गया है, उस जगह का दोबारा खनन करवा कर रायपुर से आई फोरेंसिक टीम से परीक्षण कराया गया है। जल्द ही मामले का खुलासा कर दिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

This will close in 20 seconds