अंबिकापुर-बनारस मार्ग पर दो ट्रेलर के बीच जबरदस्त टक्कर, 1 की मौत ड्राईवर-कंडेक्टर गंभीर रूप से घायल

बलरामपुर. छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले में रफ्तार का कहर देखने को मिला है. अंबिकापुर-बनारस मुख्य मार्ग पर दो ट्रेलर के बीच जोरदार भिड़ंत हुई है. इस हादसे में एक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि वाहनों के चालक-परिचालक गंभीर रूप से घायल हैं. सभी घायलों को आनन-फानन में अस्पताल में भर्ती कराया गया है. हादसे के बाद मार्ग पर लंबा जाम लग गया है.

जानकारी के मुताबिक, घटना वाड्रफनगर थाना क्षेत्र की है. एक ट्रक यूपी से सामान लेकर छत्तीसगढ़ आ रहा था, वहीं दूसरा ट्रक लोहे की छड़ के बंडल लेकर रायगढ़ से इलाहबाद जा रहा था. वाड्रफनगर के मोरन नदी के पास सुबह 4 बजे करीब सड़क पर एक व्यक्ति को बचाने के चक्कर में दोनों वाहनों में आमने-सामने की टक्कर हो गई. हादसे में एक की मौत हो गई. बताया जा रहा है कि वह मानसिक रूप से विक्षिप्त था और हादसे के दौरान सड़क पर घूम रहा था.

केबिन में फंसा चालक, कई घायल

दर्दनाक हादसे में दोनों वाहनों के चालकों और परिचालकों को गंभीर चोटें आई हैं. उन्हें वाड्रफनगर के सिविल अस्पताल  में इलाज के लिए भर्ती कराया गया है. एक वाहन का चालाक ट्रेलर के केबिन में फंस गया, मौके पर पहुंची पुलिस उसे बाहर निकालने की कोशिश कर रही है. पुलिस मामले की आगे की कार्रवाई में जुट गई है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

This will close in 20 seconds