मणिपुर में फिर तनाव का माहौल, चुराचांदपुर इलाके में दो समुदायों के बीच फायरिंग

इंफाल : पिछले 2 महीने से भी ज्यादा समय से मणिपुर में जारी हिंसा खत्म होने का नाम नहीं ले रही है। राज्य में नई हिंसा चुराचांदपुर में होने की खबर है। यहां पर 2 समुदायों के बीच झड़प के दौरान जमकर फायरिंग की घटना हुई। फायरिंग के बाद क्षेत्र में तनाव फैल गया है और वहां पर शांति बनाए रखने के लिए सुरक्षा बलों को मौके पर तैनात कर दिया गया है।

मई महीने के शुरुआत में मणिपुर में दो समुदायों के बीच इसी इलाके से हिंसा शुरू हुई थी। चुराचांदपुर ही मणिपुर हिंसा का मुख्य केंद्र है। वहीं राजधानी दिल्ली में हिंसा के खिलाफ जमकर प्रदर्शन किए जा रहे हैं। दूसरी ओर, गुजरात के जनजातीय क्षेत्र में आज रविवार को मणिपुर में लंबे समय से जारी जातीय हिंसा तथा महिलाओं के प्रति अत्याचार के विरोध में बंद का आयोजन किया जाएगा।

गौरतलब है कि मणिपुर पुलिस ने चार मई को राज्य के कांगपोकपी जिले में दो महिलाओं को निर्वस्त्र घुमाने के मामले में शनिवार को एक किशोर समेत दो लोगों को पकड़ा है। इस मामले में अब तक छह लोगों को पकड़ा गया है। इनमें वह व्यक्ति भी शामिल है जिसे सार्वजनिक हुए वीडियो में बी. फाइनोम गांव में एक महिला को घसीटते हुए देखा गया था। पुलिस ने कहा कि कई संदिग्ध ठिकानों पर छापेमारी करके बाकी अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए हरसंभव प्रयास किये जा रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि राज्य के सभी संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

This will close in 20 seconds