लॉगिन

सुकमा डीएसपी तोमेश वर्मा पर चाकू से जानलेवा हमला, महिला व उसका पुरुष मित्र गिरफ्तार

Chhattisgarh December 20, 2025 रिपोर्टर: shailesh
सुकमा डीएसपी तोमेश वर्मा पर चाकू से जानलेवा हमला, महिला व उसका पुरुष मित्र गिरफ्तार

सुकमा डीएसपी तोमेश वर्मा पर चाकू से जानलेवा हमला, महिला व उसका पुरुष मित्र गिरफ्तार

दंतेवाड़ा : जिले में सुकमा के डीएसपी तोमेश वर्मा पर हुए प्राणघातक हमले में सनसनीखेज खुलासा हुआ है. हमला करने वाली महिला वही है, जो डीएसपी पर पहले से ही दुष्कर्म का मामला दर्ज करा चुकी है. महिला अपने रिटायर्ड फौजी साथी के साथ दुर्ग जिले से लगभग 350 किमी दूर हमला करने पहुंची थी. दोनों ने डीएसपी को चाकू की नोक पर दो घंटे तक बंधक भी बनाए रखा था. पुलिस ने दोनों को धारदार हथियार चाकू के साथ गिरफ्तार कर लिया है. वहीं, घायल डीएसपी का इलाज दंतेवाड़ा जिला अस्पताल में जारी है.

सरकारी काम से पहुंचे थे दंतेवाड़ा कोर्ट

सुकमा जिले के घोर नक्सल प्रभावित इलाके जगरगुंडा में डीएसपी तोमेश वर्मा की तैनाती है. वह दंतेवाड़ा सत्र न्यायालय किसी सरकारी काम से पहुंचे थे, जहां दोनों आरोपी भी आए हुए थे.

डीएसपी के साथ कार में घुसे दोनों आरोपी

तोमेश वर्मा से मुलाकात होते ही बातचीत के बाद डीएसपी की गाड़ी में दोनों आरोपी बैठ गए. बैठते ही महिला ने चाकू निकालकर डीएसपी को टिका दिया. और कार को इधर-उधर ले जाने की कहते रहे. जैसे ही गाड़ी कोर्ट परिसर के बाहर निकली और टीवीएस शो रूम पास पहुंची तो महिला के साथ पहुंचे रिटायर्ड फौजी ने चाकू से गर्दन पर हमला कर दिया.

चाकू के हमले से खून बहने लगा. डीएसपी बचने के लिए कार से निकले और बीच सड़क पर हुए इस हमले से लोगों में अफरा-तफरी मच गई. डीएसपी ने अपने बचाव में रिवॉल्वर निकाल ली. इधर, दंतेवाड़ा पुलिस को सूचना मिलते ही मौके पर जवान पहुंच गए. उन्होंने आरोपी महिला और शख्स को दबोच लिया.

डीएसपी को तुरंत जिला अस्पताल लाया गया. दंतेवाड़ा एसपी गौरव रॉय ने बताया कि इस समय डीएसपी की हालत खतरे से बाहर है.

ठीक एक साल पहले कराई थी एफआईआर

बता दें कि आरोपियों के डीएसपी तोमेश वर्मा से पुराने ताल्लुक थे. महिला ने दुर्ग जिले के मोहननगर थाने में 20 दिसंबर 2024 को डीएसपी के खिलाफ दुष्कर्म की एफआईआर दर्ज करवाई थी. आरोप लगाया था कि डीएसपी वर्मा ने उसके घर में घुसकर उसके साथ दुष्कर्म किया और मारपीट की. मोहननगर थाने में दर्ज एफआईआर विवरण में दुष्कर्म की घटना 31 अगस्त 2024 को बताई जा रही है. फिलहाल यह मामला कोर्ट में चल रहा है.

खबर शेयर करें:

This will close in 20 seconds