लॉगिन

सुजाय घोष की अगली फिल्म “काबुलीवाला”बंद, मिराज क्रिएशंस की एक और फिल्म “उमा” भी डिब्बे में

BOLLYWOOD March 7, 2023 रिपोर्टर: shailesh
सुजाय घोष की अगली फिल्म “काबुलीवाला”बंद, मिराज क्रिएशंस की एक और फिल्म “उमा” भी डिब्बे में

सुजाय घोष की अगली फिल्म “काबुलीवाला”बंद, मिराज क्रिएशंस की एक और फिल्म “उमा” भी डिब्बे में

मुंबई : हिंदी सिनेमा में ‘कहानी’, ‘अहल्या’ और ‘बदला’ जैसी फिल्मों के निर्देशन से अपनी एक अलग पहचान बना चुके निर्देशक सुजॉय घोष की तीन साल पहले बड़े ही धूमधाम से घोषित हुई रवींद्रनाथ टैगोर की कहानी पर प्रस्तावित फिल्म ‘काबुलीवाला’ बंद हो गई है। सुजॉय ने इस फिल्म के अलावा एक और फिल्म के निर्माण के लिए मिराज ग्रुप की फिल्म कंपनी मिराज क्रिएशंस से हाथ मिलाया था और सूत्र बताते हैं कि इस ग्रुप की कंपनियों के बारे में विभिन्न सरकारी एजेंसियों की तरफ से हुई छानबीन के बाद इसकी फिल्म निर्माण कंपनी के मुंबई स्थित कार्यालय में सारी गतिविधियां ठप हो चुकी हैं।

रियल इस्टेट से लेकर तमाम दूसरे उद्योगों में सक्रिय रहे मिराज समूह के सिनेमाघर भी देश के कई हिस्सों में संचालित होते हैं। फिल्म निर्माण में इस समूह ने मिराज क्रिएशंस नामक कंपनी बनाकर साल 2012 में पहला कदम फिल्म ‘क्वींस डेस्टिनी ऑफ लव’ से रखा।

इसके बाद इस कंपनी की सहभागिता ‘सोना स्पा’, ‘टेल मी ओ खुदा’, ‘मदारी’ और ‘बाईपास रोड’ जैसी फिल्मों में रही। साल 2019 में कंपनी ने सुजॉय घोष के साथ मिलकर दो फिल्में बनाने का एलान किया। इसके लिए मिराज क्रिएशंस ने एवीएमए नामक कंपनी से सह निर्माण का समझौता किया।

मिराज क्रिएशंस और एवीएमए के इस समझौते के तहत ‘उमा’ और ‘काबुलीवाला’ नाम की दो फिल्में बननी धीं। ‘उमा’ के निर्देशन की कमान नवोदित निर्देशक तथागत सिंघा ने संभाली। सुजॉय इस फिल्म के क्रिएटिव प्रोड्यूसर बने। तमाम उठापटक और अदला बदली के बाद ये फिल्म आखिरकार काजल अग्रवाल को शीर्षक भूमिका में लेकर बनी। एक बांग्ला फिल्म की हिंदी रीमेक के तौर पर बनी इस फिल्म से अपना पहला लुक काजल ने 26 अक्तूबर 2021 को ट्विटर पर साझा किया था।

फिल्म ‘उमा’ की शूटिंग पूरी हो चुकी है, लेकिन न तो इसे कोई वितरक सिनेमाघरों में रिलीज करने को तैयार है और न ही किसी ओटीटी संचालक ने इसे खरीदने में अब तक रुचि दिखाई है। फिल्म एक तरह से डिब्बाबंद हो चुकी है। इसे बनाने वाली टीम मिराज क्रिएशंस से नाता तोड़ चुकी है

और इसी के बाद सुजॉय घोष के निर्देशन में बनने वाली फिल्म ‘काबुलीवाला’ से भी मिराज क्रिएशंस का पत्ता साफ हो गया है। ये फिल्म रबीन्द्रनाथ टैगोर की मशहूर कहानी ‘काबुलीवाला’ पर बननी थी और इसकी शूटिंग दो साल पहले ही खत्म हो जानी थी।

मिराज क्रिएशंस के मुंबई स्थित दफ्तर में फिल्म ‘उमा’ के डिब्बाबंद हो जाने और फिल्म ‘काबुलीवाला’ की शूटिंग ही न शुरू होने के बारे में बात करने वाला कोई नहीं है। मिराज क्रिएशंस का काम मिराज समूह के वाइस प्रेसिडेंट मंत्र राज पालीवाल संभालते रहे हैं,

उनके लिए दफ्तर और वेबसाइट पर छोड़े गए संदेशों का भी अब तक कोई उत्तर नहीं मिला है। उधर, सुजॉय घोष इन दिनों अपनी फिल्म ‘द डिवोशन ऑफ सस्पेक्ट एक्स’ को पूरा करने में लगे हैं। बेहद चर्चित जापानी उपन्यास पर आधारित इस फिल्म में करीना कपूर मुख्य भूमिका निभा रही हैं, ये फिल्म नेटफ्लिक्स पर रिलीज होगी।

खबर शेयर करें:

This will close in 20 seconds