रायपुर : छत्तीसगढ़ में बारिश का दौर लगातार जारी है. दक्षिण उत्तर प्रदेश और उससे सटे उत्तर-पूर्वी मध्य प्रदेश के ऊपर बने लो प्रेशर का असर छत्तीसगढ़ के मौसम पर पड़ रहा है. इसके चलते मानसून का प्रभाव अगले 24 घंटे तक पूरे प्रदेश में रहने की संभावना है. मौसम विभाग ने रक्षाबंधन के दिन भी बारिश होने की संभावना जताई है.
छत्तीसगढ़ में मानसून की सक्रियता के बीच बारिश का आंकड़ा अब सामान्य के बेहद करीब पहुंच गया है। प्रदेश में 26 अगस्त तक 863.9 मिमी बारिश दर्ज हो चुकी है, जबकि इस अवधि में सामान्य बारिश 882.4 मिमी होनी चाहिए थी। यानी प्रदेश में बारिश की कमी अब महज 2 फीसदी रह गई है।
गुरुवार को भी प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने 12 जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी करते हुए कुछ स्थानों पर मध्यम से भारी बारिश की चेतावनी दी है। रायगढ़, बिलासपुर, नारायणपुर, कांकेर, मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी, राजनांदगांव, खैरागढ़-छुईखदान-गंडई, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, बलरामपुर, सूरजपुर, मनेंद्रगढ़-भरतपुर-चिरमिरी और कोरिया में बारिश के आसार हैं।
रायपुर समेत कई जिलों में भी बरसेंगे बादल
राजधानी रायपुर समेत प्रदेश के कई इलाकों में गुरुवार को मौसम बदला हुआ रह सकता है। आसमान में बादल छाए रहने के साथ हल्की से मध्यम बारिश और गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है। कुछ क्षेत्रों में स्थानीय परिस्थितियों के कारण बारिश की तीव्रता अधिक भी हो सकती है।
शुक्रवार से बारिश की रफ्तार पर लग सकता है ब्रेक
मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में मानसूनी गतिविधियां फिलहाल सक्रिय हैं, लेकिन शुक्रवार से इसकी सक्रियता कमजोर पड़ने की संभावना है। इसके चलते आने वाले दिनों में बारिश की तीव्रता में कमी देखने को मिल सकती है।
हालांकि अब तक हुई बारिश ने प्रदेश में बारिश की कमी को काफी हद तक दूर कर दिया है। सामान्य आंकड़े से अंतर सिर्फ 2 फीसदी रह जाने के कारण आने वाले दिनों में होने वाली बारिश से प्रदेश सामान्य वर्षा के आंकड़े तक पहुंच सकता है।
बारिश और बिजली को लेकर सावधानी जरूरी
मौसम विभाग ने बारिश के साथ गरज-चमक और आकाशीय बिजली की संभावना को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों पर जाने से बचने और सुरक्षित स्थान पर रहने की अपील की गई है।