लॉगिन

7 साल में 250 एकड़ तक पहुंची स्ट्रॉबेरी की खेती, धान से 8 गुना ज्यादा मुनाफा कमा रहे किसान

Chhattisgarh November 28, 2026 रिपोर्टर: shailesh
7 साल में 250 एकड़ तक पहुंची स्ट्रॉबेरी की खेती, धान से 8 गुना ज्यादा मुनाफा कमा रहे किसान

7 साल में 250 एकड़ तक पहुंची स्ट्रॉबेरी की खेती, धान से 8 गुना ज्यादा मुनाफा कमा रहे किसान

जशपुरनगर. धान की पारंपरिक खेती से आगे बढ़कर जशपुर के किसान अब स्ट्रॉबेरी उत्पादन से अपनी आर्थिक स्थिति मजबूत कर रहे हैं. जिले में आठ साल पहले महज दो एकड़ जमीन से शुरू हुआ प्रयोग अब करीब 250 एकड़ तक पहुंच गया है. ठंडी और नमीयुक्त जलवायु, बेहतर गुणवत्ता और बाजार में अच्छी मांग ने किसानों को इस नकदी फसल की ओर आकर्षित किया है.

बगीचा, मनोरा और जशपुर के पठारी इलाकों के 20 से अधिक गांवों में स्ट्रॉबेरी की खेती हो रही है. उत्पाद की गुणवत्ता के अनुसार किसानों को 400 रुपए प्रति किलो तक भाव मिल रहा है. स्थानीय बाजार के अलावा रायपुर, बिलासपुर और दुर्ग तक इसकी आपूर्ति हो रही है. वहीं झारखंड और ओडिशा में भी जशपुर की स्ट्रॉबेरी की मांग है.

बगीचा विकासखंड में इस खेती को विस्तार देने के लिए हाल ही में छह गांवों में विशेष पहल की गई है. सन्ना, अकरीकाना, लोरो, कोपा, लरंगा और मैना के 25 किसानों ने करीब 50 हजार पौधे लगाए हैं. शुरुआती नतीजे उत्साहजनक हैं. पौधरोपण के लगभग 45 दिनों में ही पौधों पर फल आने शुरू हो गए हैं. इससे किसान और परियोजना से जुड़े विशेषज्ञ उत्साहित हैं. इन गांवों में खेती शुरू करने का उद्देश्य अलग-अलग भौगोलिक क्षेत्रों की मिट्टी और जलवायु में स्ट्रॉबेरी की उत्पादन क्षमता का आकलन करना है.

इससे पहले वर्ष 2018 में ग्राम सन्ना में करीब दो एकड़ जमीन पर स्ट्रॉबेरी की खेती का प्रयोग किया गया था. पहाड़ी क्षेत्र की जलवायु अनुकूल होने से उस दौरान अच्छा उत्पादन मिला. इसी अनुभव के आधार पर धीरे-धीरे खेती का दायरा बढ़ा और अब जिले के कई गांवों तक यह पहुंच चुकी है. किसानों के लिए यह सिर्फ नई फसल नहीं, बल्कि कम उपजाऊ जमीन से भी बेहतर आमदनी हासिल करने का विकल्प बन रही है.

अब जिले के कई गांवों तक बढ़ा रकबा

स्ट्रॉबेरी उत्पादक एक किसान धनेश्वर राम के अनुसार एक एकड़ में धान की खेती से करीब 50 हजार रुपए तक आमदनी होती है. वहीं स्ट्रॉबेरी की खेती में अनुकूल उत्पादन और बाजार भाव मिलने पर 3 से 4 लाख रुपए तक कमाई की संभावना है. इस हिसाब से धान की तुलना में स्ट्रॉबेरी से 6 से 8 गुना तक अधिक आमदनी हो सकती है. किसान सरिता बाई और प्रतिमा भगत भी पिछले दो वर्षों से स्ट्रॉबेरी का उत्पादन कर रही हैं. इससे चार गुना तक अधिक मुनाफा मिल रहा है.

खबर शेयर करें:

This will close in 20 seconds